उत्तराखंड

टिहरी में सरकार का एक्शन मोड, शिविर में मौके पर निपटीं 43 शिकायतें

बहुउद्देशीय शिविरों में विभिन्न विभागों से जुड़े 87 आवेदन दर्ज, 54 लाभार्थियों को मिली योजनाओं की सौगात

  • सीडीओ की अध्यक्षता में हुए शिविर, शेष शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

टिहरी गढ़वाल। उत्तराखंड के नागरिकों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों तथा जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के निर्देशन में जनपद टिहरी गढ़वाल के दो विकासखंडों—जौनपुर एवं थौलधार—में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के अंतर्गत बहुउद्देशीय जन सेवा शिविरों का आयोजन किया गया।

जाखधार में सीडीओ की अध्यक्षता में संपन्न हुआ शिविर

तहसील धनोल्टी अंतर्गत विकासखंड जौनपुर की न्याय पंचायत म्याणी स्थित राजकीय इंटर कॉलेज म्याणी (जाखधार) में आयोजित शिविर की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने की।
इस अवसर पर सीडीओ ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त ऐसी शिकायतें, जिनका समाधान मौके पर नहीं हो सका है, उनका समयबद्ध एवं गंभीरता से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप इस कार्यक्रम के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक उनके द्वार पर ही पहुंचाया जा रहा है।

कई विभागों की रही सक्रिय सहभागिता

शिविर में ब्लॉक प्रमुख जौनपुर सीता पंवार, जिला पंचायत सदस्य रामदयाल शाह, ग्राम प्रधान म्याणी दर्शनी देवी, विरोड़ राजकुमारी नौटियाल, खंड विकास अधिकारी अर्जुन सिंह रावत, तहसीलदार भूपेंद्र सिंह राणा सहित ग्राम्य विकास, पंचायती राज, कृषि, समाज कल्याण, सैनिक कल्याण, महिला एवं बाल विकास, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, श्रम, बैंकिंग, आयुष, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य, लोक निर्माण, शिक्षा, वन, कौशल विकास, जल संस्थान एवं सिंचाई विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

थौलधार में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में लगा शिविर

दूसरी ओर तहसील कण्डीसौड के विकासखंड थौलधार अंतर्गत न्याय पंचायत बरवाल गांव स्थित राजकीय इंटर कॉलेज कमांद में उपजिलाधिकारी टिहरी संदीप कुमार की अध्यक्षता में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया।
यहां विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने विभागों की केंद्रीय एवं राज्य पोषित योजनाओं की जानकारी दी तथा मौके पर ही प्राप्त आवेदनों पर आवश्यक कार्यवाही की गई।

पेंशन, राशन कार्ड व बैंकिंग सेवाओं से जुड़े मामलों का निस्तारण

शिविर के दौरान समाज कल्याण विभाग द्वारा पेंशन से संबंधित आवेदन प्राप्त कर स्वीकृत किए गए, वहीं पूर्ति विभाग द्वारा राशन कार्ड एवं केवाईसी से जुड़े मामलों का निस्तारण किया गया। बैंकिंग सेवाओं के अंतर्गत खाता, ऋण एवं परामर्श से संबंधित कार्य भी संपन्न हुए।

87 आवेदन दर्ज, 54 लोग हुए लाभान्वित

जनपद टिहरी गढ़वाल में आयोजित इन बहुउद्देशीय शिविरों में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 87 आवेदन दर्ज किए गए। प्राप्त 76 शिकायतों में से 43 का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को शीघ्र समाधान हेतु प्रेषित किया गया।
इसके अतिरिक्त, शिविर के माध्यम से संचालित योजनाओं द्वारा कुल 54 लाभार्थियों को प्रत्यक्ष लाभ पहुंचाया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!