उत्तराखंड

जीत के बाद पूर्व मंत्री नारायण सिंह राणा से मिले छात्रसंघ अध्यक्ष आशीष नेगी, कॉलेज की समस्याओं पर मिला मार्गदर्शन

महाविद्यालय में शिक्षकों की कमी और छात्रहित के मुद्दों पर हुई चर्चा, राणा ने सकारात्मक सोच के साथ जिम्मेदारी निभाने की दी नसीहत

थत्यूड़। राजकीय महाविद्यालय थत्यूड़ के नवनिर्वाचित छात्रसंघ अध्यक्ष आशीष सिंह नेगी ने जीत के बाद पूर्व मंत्री नारायण सिंह राणा से उनके आवास पर शिष्टाचार मुलाकात कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, शिक्षकों की कमी और छात्रहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
पूर्व मंत्री नारायण सिंह राणा ने आशीष सिंह नेगी को छात्रसंघ अध्यक्ष निर्वाचित होने पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि छात्रसंघ अध्यक्ष की जिम्मेदारी केवल छात्रों का प्रतिनिधित्व करने तक सीमित नहीं है, बल्कि छात्र-छात्राओं की समस्याओं को मजबूती से संबंधित मंच तक पहुंचाना भी उनकी प्राथमिकता होनी चाहिए।
राणा ने महाविद्यालय में शिक्षकों की कमी को गंभीर मुद्दा बताते हुए कहा कि शिक्षकों के अभाव में छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए। बेहतर शैक्षणिक माहौल और व्यवस्थाओं के लिए ईमानदारी से प्रयास किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने नवनिर्वाचित अध्यक्ष को छात्रहित में सकारात्मक सोच के साथ कार्य करने का मार्गदर्शन दिया।
वहीं छात्रसंघ अध्यक्ष आशीष सिंह नेगी ने पूर्व मंत्री नारायण सिंह राणा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं की समस्याओं का समाधान और कॉलेज के विकास के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज को उचित मंच तक पहुंचाना और उनके हितों के लिए मजबूती से कार्य करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
इस अवसर पर पूर्व महाविद्यालय अध्यक्ष विपुल रांगड़, युवा मोर्चा थत्यूड़ के महामंत्री प्रमोद बेलवाल, उपाध्यक्ष धनेस पंवार सहित कई पदाधिकारी एवं समर्थक मौजूद रहे। सभी ने आशीष सिंह नेगी की जीत पर खुशी जताते हुए महाविद्यालय के विकास और छात्रहित में मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!