उत्तराखंड ताज़ा

टिहरी में दिशा समिति की बैठक: योजनाओं की समीक्षा, पारदर्शिता और समयबद्ध क्रियान्वयन पर सख्त निर्देश

सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न, सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य व शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर अधिकारियों को दिए गए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

टिहरी गढ़वाल, 23 अप्रैल 2026। जिला मुख्यालय टिहरी में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी (दिशा) समिति की बैठक में विकास योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह ने की, जिसमें केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया।

सांसद ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पहुंचे। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों की गति तेज करने, गुणवत्ता सुनिश्चित करने और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष ध्यान देने को कहा।

बैठक में जनप्रतिनिधियों ने सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, संचार और वन विभाग से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। इन समस्याओं पर संबंधित विभागों को तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए गए।

इस दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रेष्ठा भाकुनी ने पेंशन, छात्रवृत्ति व राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम की जानकारी दी, जबकि जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय गौरव ने महिला सशक्तिकरण योजनाओं जैसे वन स्टॉप सेंटर, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ व नंदा गौरा योजना की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।

जिला विकास अधिकारी मो. असलम ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जनपद में 9604 परिवारों का सर्वेक्षण किया गया है। वहीं पशुपालन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, शहरी विकास, पेयजल और पुलिस विभाग ने भी अपने-अपने कार्यों की प्रगति से समिति को अवगत कराया।

बैठक के अंत में सांसद का जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल एवं सीडीओ वरुणा अग्रवाल द्वारा पुष्प भेंट कर स्वागत किया गया। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष ईशिता सजवाण, विधायक किशोर उपाध्याय, विधायक शक्ति लाल शाह, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!