उत्तराखंड ताज़ा

उत्तराखंड में 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को मिले नियुक्ति पत्र, 13 बेटियों ने भी हासिल की सफलता

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में सौंपे नियुक्ति पत्र, अधिकारियों को ईमानदारी, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ जनसेवा करने के दिए निर्देश।

देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी सेवा में चयनित युवाओं के लिए बुधवार का दिन खास रहा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। चयनित 36 अभ्यर्थियों में 13 बेटियों के शामिल होने पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की और इसे प्रदेश की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणादायक बताया।

जनसेवा को प्राथमिकता दें नवनियुक्त अधिकारी: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि नायब तहसीलदार का पद केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आमजन की समस्याओं के समाधान का महत्वपूर्ण माध्यम है। इस उपलब्धि के पीछे अभ्यर्थियों की मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ उनके माता-पिता एवं गुरुजनों का भी अहम योगदान है।

उन्होंने कहा कि नियुक्ति पत्र के साथ ही अधिकारियों को जनसेवा की बड़ी जिम्मेदारी मिली है। उनके कार्यों से आम नागरिकों को समय पर राहत मिलनी चाहिए। यही उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि होगी।

भूमि और राजस्व से जुड़े मामलों का समय पर हो निस्तारण

मुख्यमंत्री ने कहा कि नायब तहसीलदार राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके कार्यों का सीधा संबंध लोगों की भूमि, आजीविका और अधिकारों से होता है। ऐसे में नामांतरण, पैमाइश, सीमांकन और राजस्व अभिलेखों से जुड़े मामलों का निस्तारण पूरी सावधानी, संवेदनशीलता और निर्धारित समयसीमा में किया जाना चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि भूमि से जुड़े प्रत्येक मामले में संबंधित परिवार की परिस्थितियों को समझें। विशेष रूप से किसानों के लिए उनकी जमीन आजीविका और बच्चों के भविष्य का आधार होती है।

बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की समस्याओं पर दें विशेष ध्यान

मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त अधिकारियों को निर्देश दिए कि तहसील में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की बात धैर्यपूर्वक सुनी जाए और आवश्यक दस्तावेजों एवं निर्धारित प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी दी जाए। इससे लोगों को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

उन्होंने पर्वतीय क्षेत्रों के दूरस्थ गांवों से आने वाले लोगों, विशेषकर बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

भ्रष्टाचार और सिफारिश से दूर रहकर करें काम

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। अधिकारियों को किसी भी दबाव, सिफारिश या प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना नियमों, कानून और तथ्यों के आधार पर निर्णय लेने चाहिए।

उन्होंने कहा कि बिना किसी सिफारिश के आने वाले व्यक्ति के जायज कार्य का भी तत्परता से निस्तारण करना निष्पक्ष प्रशासन की पहचान है। सभी अधिकारी अपने सेवाकाल में ईमानदारी, पारदर्शिता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

आपदा प्रभावितों को राहत पहुंचाने में निभाएं अहम भूमिका

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि आपदा के दौरान राजस्व अधिकारियों की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। आपदा से हुए नुकसान का सही और समयबद्ध आकलन सुनिश्चित किया जाना चाहिए, ताकि प्रभावित परिवारों तक नियमानुसार राहत जल्द पहुंच सके।

उन्होंने अधिकारियों से प्रदेश सरकार के मूल मंत्र ‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टिकरण’ को अपनी कार्यशैली का हिस्सा बनाने की अपेक्षा की। साथ ही नागरिकों को उनके आवेदनों की स्थिति की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।

पांच साल में 36 हजार से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी: धामी

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और युवाओं के भविष्य की रक्षा के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक नियुक्ति के पीछे किसी युवा की वर्षों की मेहनत और उसके परिवार की उम्मीदें जुड़ी होती हैं। इसलिए नवनियुक्त अधिकारियों को अपने पद की गरिमा बनाए रखते हुए प्रत्येक निर्णय निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ लेना चाहिए।

मुख्य सचिव ने भी दी जनसेवा की सीख

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को बधाई देते हुए कहा कि सरकारी सेवा जनसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। अधिकारियों को इस सोच के साथ कार्य करना चाहिए कि राजस्व प्रशासन के जरिए आमजन को अधिक से अधिक लाभ कैसे पहुंचाया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि उन लोगों के प्रति अधिकारियों की विशेष जिम्मेदारी है, जिनकी पहुंच केवल तहसील स्तर तक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नवनियुक्त अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करेंगे।

इस अवसर पर सचिव राजस्व एस.एन. पाण्डेय, सचिव एवं आयुक्त राजस्व परिषद रंजना राजगुरु सहित राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!