डीएम के निरीक्षण में खुली अस्पताल की पोल, फार्मासिस्ट के वेतन पर लगी रोक
सीएचसी थत्यूड़ के निरीक्षण में मिली दवा प्रबंधन में लापरवाही, फार्मासिस्ट के वेतन पर रोक के निर्देश; टीबी मुक्त भारत अभियान को तेज करने पर जोर

थत्यूड़ (टिहरी गढ़वाल)। जौनपुर विकासखंड के थत्यूड़ में शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में गुरुवार को महत्वपूर्ण पहल देखने को मिली। धनोल्टी विधायक प्रीतम सिंह पंवार और जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज, थत्यूड़ में नव निर्मित पुस्तकालय का संयुक्त रूप से उद्घाटन किया।
इस अवसर पर विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने कहा कि पुस्तकालय में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए उपयोगी पुस्तकों की व्यवस्था की गई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विद्यार्थियों की जरूरतों के अनुसार भविष्य में पुस्तकालय का विस्तार भी किया जाएगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को बेहतर अध्ययन सामग्री उपलब्ध हो सके।
उद्घाटन कार्यक्रम के बाद जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) थत्यूड़ का निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति, ओपीडी व्यवस्था, आपातकालीन सेवाओं, दवा वितरण केंद्र, आयुष्मान कक्ष तथा महिला एवं पुरुष ओपीडी कक्षों का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल पहुंचे मरीजों से स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया और टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत अधिक से अधिक स्क्रीनिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल में हुई एक प्रसूति के संबंध में दूरभाष के माध्यम से जच्चा और नवजात के स्वास्थ्य की जानकारी भी ली तथा आशा कार्यकर्ता को नियमित फॉलोअप करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान दवा भंडार में एक्सपायरी दवाओं को अलग सुरक्षित न रखने और उनके लिए अलग रजिस्टर का संधारण न किए जाने की गंभीर लापरवाही सामने आई। इस पर जिलाधिकारी ने फार्मासिस्ट सुमन लाल विश्वकर्मा के वेतन आहरण पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्य चिकित्साधिकारी को स्पष्टीकरण लेकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को औषधि प्रबंधन, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने थत्यूड़-बंगसील मोटर मार्ग का भी निरीक्षण किया।



