ऑपरेशन प्रहार का बड़ा एक्शन: लाखों की ठगी करने वाले गैंगस्टर एक्ट के दो वांछित आरोपी गिरफ्तार
एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देशन में नरेंद्रनगर पुलिस की कार्रवाई, रायवाला और ऋषिकेश से दबोचे गए आरोपी, गैंगस्टर एक्ट में थे फरार

टिहरी गढ़वाल। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत टिहरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसएसपी श्वेता चौबे के नेतृत्व में कोतवाली नरेंद्रनगर पुलिस ने लाखों रुपये की धोखाधड़ी के मामले में गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना चंबा में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज था। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। मुखबिर की सूचना और प्रभावी सुरागरसी के आधार पर पुलिस ने एक आरोपी को रायवाला और दूसरे को ऋषिकेश क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरेन्द्र सिंह नेगी निवासी खेड़ी खुर्द, रायवाला और नरेश रावत निवासी शांतिनगर बनखंडी, ऋषिकेश के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।



