उत्तराखंड

देहरादून में जलभराव और अवैध पार्किंग पर डीएम का सख्त एक्शन

सीमाद्वार में जलभराव पर डीएम सख्त, 24 घंटे में सफाई और डिवाटरिंग के निर्देश

देहरादून, 18 अगस्त 2026। बारिश के बाद देहरादून शहर के कई इलाकों में जलभराव की समस्या को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। मंगलवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने आईटीबीपी रोड और सीमाद्वार क्षेत्र का औचक निरीक्षण कर मौके पर जलभराव की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तत्काल राहत के साथ-साथ स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय विधायक सविता कपूर भी मौजूद रहीं।

जिलाधिकारी ने नगर निगम को 24 घंटे के भीतर सड़कों के किनारे नालियों में जमा मलबे और कूड़े की सफाई कराने के निर्देश दिए। साथ ही डिवाटरिंग पंप लगाकर जलभराव वाले स्थानों से पानी की निकासी सुनिश्चित करने को कहा। लोक निर्माण विभाग को सड़क पर आवागमन सुचारु रखने के लिए तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

डीएम ने साफ कहा कि जलभराव की समस्या के तत्काल समाधान तक पटवारी सीमाद्वार क्षेत्र में ही रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करेगा। डिवाटरिंग कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग के साथ स्थानीय स्तर पर सामने आने वाली छोटी समस्याओं का भी मौके पर तत्काल निस्तारण कराया जाएगा। जलभराव से राहत के लिए जिलाधिकारी ने मौके पर ही आवश्यक बजट की स्वीकृति भी प्रदान की।

स्थायी समाधान के लिए बनेगी ड्रेनेज की डीपीआर

जिलाधिकारी ने कहा कि सीमाद्वार में हर बरसात जलभराव की समस्या दोबारा खड़ी न हो, इसके लिए स्थायी समाधान जरूरी है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता को क्षेत्र का विस्तृत सर्वे कर बेहतर ड्रेनेज सिस्टम के लिए डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए। डीएम ने अधिकारियों को दो टूक कहा कि योजना केवल कागजों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उसके क्रियान्वयन में भी तेजी दिखाई देनी चाहिए।

उन्होंने स्थानीय लोगों को भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन जलभराव की स्थिति की नियमित निगरानी कर रहा है और समस्या का स्थायी समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा। जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

न्यूकैंट रोड पर अवैध पार्किंग और अतिक्रमण पर कार्रवाई

इसके बाद जिलाधिकारी ने न्यूकैंट रोड पर यातायात व्यवस्था का भी औचक निरीक्षण किया। सेंट्रियो मॉल क्षेत्र में सड़क के दोनों ओर अवैध रूप से खड़े चौपहिया और दोपहिया वाहनों को देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। डीएम के निर्देश पर पुलिस ने मौके पर ही अवैध रूप से पार्क किए गए वाहनों के दर्जनों चालान काटे।

सड़क किनारे संचालित अवैध फड़-फेरी और अस्थायी दुकानों को भी हटाने के निर्देश दिए गए। साथ ही नो-पार्किंग क्षेत्र में स्पष्ट संकेतक बोर्ड लगाने को कहा गया, जिससे यातायात व्यवस्था बाधित न हो।

न्यूकैंट रोड के चौड़ीकरण का होगा सर्वे

लगातार बढ़ती यातायात समस्या को देखते हुए जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता को न्यूकैंट रोड के चौड़ीकरण के लिए विस्तृत सर्वे कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क चौड़ीकरण में बाधक पुलिस चेकपोस्ट और अन्य संरचनाओं को आवश्यकता के अनुसार शिफ्ट कराने की कार्रवाई की जाए।

डीएम ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से अभियान चलाकर अतिक्रमण, अवैध पार्किंग और यातायात में बाधा डालने वालों पर कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर की सड़कों पर अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!