धनोल्टी क्षेत्र में सड़क कनेक्टिविटी को बड़ी सौगात, तीन मोटर मार्गों को मिली मंजूरी
जौनपुर क्षेत्र में 9.05 किमी सड़कों के निर्माण का रास्ता साफ, ग्रामीणों को आवागमन, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं में मिलेगा सीधा लाभ

रिपोर्ट–मुकेश रावत
थत्यूड़/टिहरी गढ़वाल। धनोल्टी विधानसभा क्षेत्र में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में शासन ने बड़ा कदम उठाया है। जौनपुर क्षेत्र के तीन महत्वपूर्ण मोटर मार्गों के निर्माण को वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। कुल 9.05 किलोमीटर लंबी सड़कों के निर्माण के लिए शासन की ओर से 14.89 लाख रुपये की लागत स्वीकृत की गई है।

स्वीकृत परियोजनाओं में विकासखंड थौलधार के रामोलसारी बैंड से रामोलसारी गांव तक 4 किलोमीटर, लालपुल-भूत्सी मोटर मार्ग से तिमलीसैण होते हुए प्राथमिक विद्यालय ल्वार्खा तक 3.05 किलोमीटर तथा कल्डियाणा से नारायणगांव तक 2 किलोमीटर मोटर मार्ग शामिल हैं।
शासन ने प्रथम चरण में प्रत्येक स्वीकृत कार्य के लिए 10-10 हजार रुपये की धनराशि भी अवमुक्त कर दी है। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करने के साथ ही निर्माण कार्य में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इन सड़क परियोजनाओं की स्वीकृति से क्षेत्र के ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से बेहतर सड़क सुविधा की जरूरत महसूस की जा रही थी। इन मार्गों के निर्माण से गांवों तक आवागमन आसान होने के साथ ही विद्यार्थियों को विद्यालय पहुंचने, मरीजों को स्वास्थ्य केंद्रों तक ले जाने और ग्रामीणों को दैनिक जरूरतों के लिए बाजार तक पहुंचने में काफी सहूलियत मिलेगी।
क्षेत्रवासियों ने सड़क परियोजनाओं को मंजूरी मिलने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और क्षेत्रीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार का आभार जताते हुए उम्मीद जताई कि निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा और गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाएगा।



