राजनीति

युवा आयोग युवाओं के सर्वांगीण विकास का मंच, कांग्रेस राजनीति से बाज आए: चौहान

पहाड़ों में रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाकर पलायन रोकने की दिशा में सरकार के प्रयास तेज; औद्योगिक पार्क, निःशुल्क कोचिंग और उद्यमिता को बढ़ावा देने वाली योजनाओं का किया उल्लेख

देहरादून। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने युवा आयोग के गठन को प्रदेश के युवाओं के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कांग्रेस पर युवा मुद्दों को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को युवाओं के हितों से जुड़े विषयों पर राजनीति करने के बजाय सरकार की योजनाओं और उनके लाभों पर बात करनी चाहिए।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के बयान पर पलटवार करते हुए चौहान ने कहा कि युवा आयोग शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास और स्वरोजगार से जुड़ी युवाओं की समस्याओं और सुझावों को सरकार तक पहुंचाने का स्थायी मंच बनेगा। आयोग युवाओं की प्रतिभा और क्षमता को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के साथ उनकी प्राथमिकताओं को सरकार तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि पहली बार युवाओं की आवाज को संस्थागत मंच देने की दिशा में यह एक अहम पहल है।

पहाड़ों में रोजगार से पलायन रोकने की रणनीति

मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि भाजपा सरकार की सोच स्पष्ट है कि पहाड़ों से पलायन का स्थायी समाधान पहाड़ों में ही रोजगार और स्वरोजगार के अवसर पैदा करने से होगा। इसी उद्देश्य से पौड़ी, चमोली और अल्मोड़ा में तीन नए औद्योगिक पार्क विकसित किए जा रहे हैं। इन क्षेत्रों में स्थानीय युवाओं को रोजगार और उद्यमिता के अवसरों में प्राथमिकता देने का प्रयास किया जाएगा, जिससे पहाड़ी क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी और युवाओं को अपने ही क्षेत्र में भविष्य बनाने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना के तहत सरकारी स्कूलों की कक्षा 11वीं और 12वीं के 10 हजार मेधावी विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया है। इसके लिए सात करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को भी बेहतर तैयारी का अवसर मिलेगा।

चौहान ने कहा कि सरकार युवाओं को केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाने की दिशा में भी काम कर रही है। 18 से 30 वर्ष के युवाओं के लिए स्वरोजगार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने के तहत आईआईटी और आईआईएम जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से प्रशिक्षण तथा नए उद्यम की शुरुआत के लिए बैंक ऋण पर 30 प्रतिशत सब्सिडी का प्रावधान किया गया है।

भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता का दावा

भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी ने कहा कि धामी सरकार के कार्यकाल में करीब 50 हजार सरकारी नौकरियों के साथ स्वरोजगार की विभिन्न योजनाओं से बड़ी संख्या में युवा और आमजन लाभान्वित हुए हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं की मांग को देखते हुए सरकार ने कड़ा नकल विरोधी कानून बनाया और भर्ती घोटालों की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

अंकिता भंडारी प्रकरण पर कांग्रेस को घेरा

अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर चौहान ने कांग्रेस पर राजनीतिक लाभ लेने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पहाड़ की बेटी अंकिता भंडारी जैसी संवेदनशील घटना को बार-बार राजनीतिक आरोपों का माध्यम बनाना अवसरवादी राजनीति को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को भावनात्मक बयानबाजी के बजाय यह बताना चाहिए कि मामले में अब तक हुई कानूनी और न्यायिक कार्रवाई के बाद वह नया क्या करना चाहती है। चौहान के अनुसार, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुरुआत से ही अंकिता के परिवार के साथ खड़े रहे और उनकी मांगों को गंभीरता से लिया। परिवार की मांग पर राज्य सरकार ने सीबीआई जांच की सिफारिश की थी।

‘आरोप और दुष्प्रचार से सत्ता का सपना पूरा नहीं होगा’

मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि युवाओं के मुद्दे पर राजनीति करने से कांग्रेस को कोई राजनीतिक लाभ नहीं मिलने वाला है। उन्होंने आरोप लगाया कि अंकिता प्रकरण पर भी कांग्रेस पहले कई बार राजनीतिक रूप से घिर चुकी है। उन्होंने कहा कि आरोप और दुष्प्रचार के सहारे सत्ता में वापसी का कांग्रेस का सपना साकार होने वाला नहीं है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!