उत्तराखंड ताज़ा

चमोली पहुंचे सीएम धामी: 155 करोड़ की 63 विकास योजनाओं की सौगात, बोले—जनता की सेवा ही सरकार का धर्म

'जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार' अभियान में 2,500 से अधिक लोगों को मिला योजनाओं का लाभ, 683 शिकायतों का मौके पर निस्तारण। बद्रीनाथ मंदिर चोरी कांड पर मुख्यमंत्री का सख्त संदेश—दोषियों को किसी भी कीमत पर नहीं बख्शा जाएगा।

चमोली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को गोपेश्वर पुलिस मैदान में आयोजित ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ सेवा पखवाड़े के तहत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम में प्रदेशवासियों को विकास और सुशासन का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य जनता को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगवाना नहीं, बल्कि प्रशासन को सीधे लोगों के द्वार तक पहुंचाकर समस्याओं का त्वरित समाधान करना है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि अभियान के पहले चरण में पूरे प्रदेश में छह लाख से अधिक लोगों ने भागीदारी की, जबकि 60 हजार से अधिक शिकायतों का मौके पर समाधान किया गया। चमोली जिले में अब तक 13 जनकल्याण शिविर आयोजित किए जा चुके हैं, जहां 752 शिकायतें दर्ज हुईं। इनमें से 683 शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया गया और 2,500 से अधिक लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिला।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमांत क्षेत्रों के विकास को सरकार सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सीमांत गांव, प्रथम गांव” के विजन को धरातल पर उतारा जा रहा है और उत्तराखंड तेजी से विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में जी-20 बैठकों का सफल आयोजन, राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी, शीतकालीन यात्रा की शुरुआत और 3.75 लाख करोड़ रुपये के निवेश समझौते उत्तराखंड की नई पहचान बन रहे हैं। एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश पर कार्य शुरू हो चुका है, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी), नकल विरोधी कानून और धर्मांतरण विरोधी कानून लागू कर ऐतिहासिक फैसले लिए हैं। पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से अब तक 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं।

चमोली के विकास का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि जिले में 155 करोड़ रुपये की लागत से 63 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है। बदरीनाथ धाम, माणा और नीति क्षेत्र में मास्टर प्लान के तहत बड़े पैमाने पर विकास कार्य चल रहे हैं। वहीं ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना और हेली एंबुलेंस सेवा से लोगों को बड़ी राहत मिल रही है।

महिला सशक्तिकरण का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि चमोली की 42 हजार से अधिक महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ चुकी हैं, जबकि 25 हजार से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं। किसान सम्मान निधि के तहत 48 हजार किसानों को 196 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी गई है तथा जिले में 872 नए होमस्टे शुरू होने से स्थानीय युवाओं को रोजगार मिला है।

बद्रीनाथ मंदिर चोरी पर मुख्यमंत्री का बड़ा बयान

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बद्रीनाथ मंदिर चोरी प्रकरण को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि इस मामले में किसी भी प्रकार की राजनीति नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!