उत्तराखंड

हरिद्वार कुंभ-2027 का आगाज, CM धामी ने लॉन्च किया लोगो, वेबसाइट और गीत

गंगा, शिव और सनातन संस्कृति की झलक से सजा कुंभ का आधिकारिक लोगो; ‘कुंभ का पर्व आ गया’ गीत से देश-दुनिया तक पहुंचेगा आस्था का संदेश

हरिद्वार, 12 अक्टूबर। हरिद्वार कुंभ मेला-2027 को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने की दिशा में उत्तराखंड सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) सभागार में कुंभ के आधिकारिक लोगो, वेबसाइट और गीत का लोकार्पण किया। इन तीनों माध्यमों के जरिए कुंभ की धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने के साथ श्रद्धालुओं को आयोजन से जुड़ी जानकारियां उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कुंभ भारत की प्राचीन आध्यात्मिक परंपरा, सनातन संस्कृति और जनआस्था का विराट उत्सव है। हरिद्वार कुंभ का करोड़ों श्रद्धालुओं के लिए विशेष धार्मिक महत्व है। राज्य सरकार कुंभ-2027 के दिव्य और भव्य आयोजन के लिए प्रतिबद्ध है। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।

उन्होंने कहा कि आधिकारिक लोगो, वेबसाइट और गीत कुंभ की विशिष्ट पहचान को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के साथ आमजन और श्रद्धालुओं को इस महापर्व से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

लोगो में दिखेगी हरिद्वार की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत

हरिद्वार कुंभ-2027 के आधिकारिक लोगो में मां गंगा की महिमा, हर की पैड़ी की धार्मिक पहचान और सनातन संस्कृति की भव्यता को दर्शाया गया है। इसमें धनुष पुल, सूर्योदय की दिव्य छटा, शिव प्रतिमा, साधु-संतों तथा सनातन परंपरा के प्रतीक त्रिशूल और डमरू को स्थान दिया गया है। इसके साथ ही मां मनसा देवी और मां चंडी देवी की पहाड़ियों को भी दर्शाया गया है।

लोगो में शामिल ये प्रतीक हरिद्वार की आध्यात्मिक महत्ता और कुंभ की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत को अभिव्यक्त करते हैं। इसका उपयोग कुंभ से संबंधित प्रचार सामग्री, प्रकाशनों और डिजिटल मंचों पर किया जाएगा, जिससे आयोजन की पहचान को एकरूपता के साथ व्यापक स्तर पर प्रस्तुत किया जा सकेगा।

मधु शर्मा के डिजाइन को मिला सर्वश्रेष्ठ लोगो का सम्मान

कुंभ मेला-2027 का आधिकारिक लोगो तैयार करने के लिए मेला प्रशासन ने प्रदेश के युवाओं और विद्यार्थियों से डिजाइन आमंत्रित किए थे। प्राप्त सैकड़ों प्रविष्टियों में से 13 श्रेष्ठ और मौलिक डिजाइनों पर चयन समिति ने विचार किया। इसके बाद विकास नगर, जगजीतपुर, हरिद्वार निवासी मधु शर्मा के डिजाइन को सर्वश्रेष्ठ चुना गया। इसी डिजाइन के आधार पर कुंभ के आधिकारिक लोगो को अंतिम रूप दिया गया।

वेबसाइट से घर बैठे मिलेगी कुंभ की जानकारी

मुख्यमंत्री ने कुंभ मेला-2027 की आधिकारिक वेबसाइट https://haridwarkumbh.uk.gov.in का भी लोकार्पण किया। इस डिजिटल मंच के माध्यम से श्रद्धालुओं, पर्यटकों और आमजन तक कुंभ से संबंधित प्रामाणिक जानकारियां पहुंचाई जा सकेंगी।

वेबसाइट के जरिए देश के विभिन्न राज्यों और विदेशों में रहने वाले श्रद्धालुओं को भी आयोजन से जोड़ने में मदद मिलेगी। डिजिटल माध्यम से सूचनाओं का व्यवस्थित प्रसार होने से कुंभ की तैयारियों और आयोजन संबंधी जानकारी तक लोगों की पहुंच आसान बनाने का लक्ष्य है।

‘कुंभ का पर्व आ गया’ गीत से गूंजेगा आस्था का संदेश

लोकार्पण समारोह में कुंभ मेला-2027 का आधिकारिक गीत भी आकर्षण का केंद्र रहा। ‘साधु और संतों के मन में हर्ष छा गया, कुंभ का पर्व आ गया’ पंक्तियों से शुरू होने वाला यह गीत कुंभ के आगमन की खुशी, साधु-संतों के उत्साह और श्रद्धालुओं की आस्था को स्वर देता है।

हरिद्वार निवासी गायक राघव राजा ने गीत की रचना, गायन और संगीत तैयार किया है। गीत के माध्यम से कुंभ के आगमन का संदेश जन-जन तक पहुंचाने और आयोजन के प्रति सांस्कृतिक जुड़ाव को मजबूत करने का प्रयास किया गया है।

आध्यात्मिक विरासत को वैश्विक पहचान देने की तैयारी

हरिद्वार कुंभ-2027 उत्तराखंड की धार्मिक विरासत, पर्यटन और सांस्कृतिक पहचान को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। आधिकारिक लोगो कुंभ को विशिष्ट दृश्य पहचान देगा, वेबसाइट डिजिटल सूचनाओं का माध्यम बनेगी और गीत आस्था एवं उल्लास के संदेश को लोगों तक पहुंचाएगा।

परंपरागत आध्यात्मिक गरिमा के साथ आधुनिक संचार माध्यमों का समन्वय कुंभ की महत्ता को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने में सहायक होगा।

कैबिनेट मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, धन सिंह रावत, सुबोध उनियाल, सौरभ बहुगुणा, खजान दास, भरत सिंह चौधरी, मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा और राम सिंह कैड़ा सहित कुंभ मेलाधिकारी सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत भुल्लर, महानिदेशक सूचना वंशीधर तिवारी, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार तथा उप मेलाधिकारी आकाश जोशी और मनजीत सिंह सहित मेला एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!