उत्तराखंड

जमीनी हकीकत परखने सड़क पर उतरे डीएम सविन बंसल, भूमिगत परियोजनाओं का औचक निरीक्षण

चकराता व कौलागढ़ रोड पर चल रहे कार्यों की जांच, मानकों की अनदेखी पर जब्ती व विधिक कार्रवाई के सख्त निर्देश

देहरादून, 31 जनवरी 2026। जिलाधिकारी सविन बंसल ने शनिवार को सार्वजनिक परियोजनाओं की वास्तविक प्रगति और गुणवत्ता की परख के लिए क्यूआरटी टीम के साथ देहरादून–चकराता एवं कौलागढ़ रोड पर संचालित भूमिगत विद्युत, पेयजल, सीवरेज और गैस पाइपलाइन परियोजनाओं का औचक स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जन सुरक्षा और नागरिक सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने निर्माणदायी एजेंसियों को निर्देश दिए कि सड़क कटिंग के लिए जारी अनुमति की निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्य पूर्ण कर सड़कों को पूर्ववत ब्लैकटॉप किया जाए, जिससे आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने चेतावनी दी कि अनुमति से अधिक सड़क कटिंग, अधूरी खुदाई या सुरक्षा मानकों की अनदेखी पाए जाने पर संबंधित एजेंसियों के विरुद्ध जब्ती एवं विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी

डीएम ने निर्देश दिए कि यदि रात्रि में खुदाई कार्य किया जाता है तो सुबह तक गड्ढा भरना अनिवार्य होगा। प्रत्येक खुदाई स्थल पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, रिफ्लेक्टर एवं चेतावनी साइनबोर्ड लगाए जाएं। उन्होंने मुख्य मार्गों पर रात्रि 10 बजे से प्रातः 6 बजे तक ही कार्य करने तथा पर्याप्त मैनपावर और मशीनरी तैनात कर परियोजनाओं को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिन स्थानों पर भूमिगत कार्य पूर्ण हो चुके हैं, वहां आज ही सड़क का ब्लैकटॉप कराया जाए। निर्माण के दौरान बनाए गए पिट या गड्ढों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने दो टूक कहा कि निर्माण कार्यों में देरी या अव्यवस्था के कारण यदि जनता को परेशानी हुई तो संबंधित विभागों की जवाबदेही तय करते हुए कठोर कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने यमुना कॉलोनी, बल्लूपुर चौक, किशन नगर चौक, ओएनजीसी चौक, राजेंद्र नगर तथा चकराता रोड पर रमाड से बल्लूपुर चौक तक भूमिगत विद्युत केबल एवं पेयजल लाइन, वहीं ओएनजीसी चौक से किशन नगर तक शहरी गैस वितरण परियोजना के अंतर्गत गैस पाइपलाइन बिछाने के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर एसडीएम कुमकुम जोशी, सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता ओमपाल सिंह, सीओ ट्रैफिक जगदीश पंत सहित विद्युत, पेयजल, गेल, एडीबी एवं स्मार्ट सिटी परियोजना से जुड़ी विभिन्न एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!