राजकीय इंटर कॉलेज दौक में विज्ञान महोत्सव का आगाज, 17 विद्यालयों के 110 बाल वैज्ञानिकों ने दिखाई प्रतिभा
विज्ञान प्रदर्शनी में सोनाक्षी और अमृता ने मारी बाजी, विज्ञान ड्रामा में मेजबान विद्यालय दौक प्रथम; मॉडलों के जरिए विद्यार्थियों ने दिखाई अपनी वैज्ञानिक सोच

थत्यूड़/सकलाना। जौनपुर ब्लॉक के सकलाना क्षेत्र स्थित राजकीय इंटर कॉलेज दौक में ब्लॉक स्तरीय विज्ञान महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि भाजपा के प्रदेश महामंत्री मुलायम सिंह रावत सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
विज्ञान महोत्सव में जौनपुर ब्लॉक के 17 विद्यालयों के 110 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। बाल वैज्ञानिकों ने विज्ञान मॉडल, प्रदर्शनी और विज्ञान ड्रामा के माध्यम से अपनी रचनात्मकता, वैज्ञानिक सोच और नवाचार की क्षमता का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने विज्ञान के प्रति उनकी जिज्ञासा और सीखने की ललक को दर्शाया।
विज्ञान ड्रामा में दौक और साटागाड़ ने मारी बाजी
विज्ञान ड्रामा प्रतियोगिता में राजकीय इंटर कॉलेज दौक ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय साटागाड़ दूसरे स्थान पर रहा।
विज्ञान प्रदर्शनी के सीनियर वर्ग में राजकीय इंटर कॉलेज दौक की सोनाक्षी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। राजकीय इंटर कॉलेज नैनबाग की अदिति दूसरे स्थान पर रहीं। वहीं, जूनियर वर्ग में राजकीय इंटर कॉलेज दौक की अमृता ने प्रथम और राजकीय इंटर कॉलेज आनंदचौक के आदर्श ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने का मिला संदेश
मुख्य अतिथि भाजपा के प्रदेश महामंत्री मुलायम सिंह रावत ने कहा कि वर्तमान युग विज्ञान का है। इस तरह के आयोजन बाल वैज्ञानिकों को कुछ नया सीखने, अपनी प्रतिभा निखारने और नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को जिज्ञासु बनने, सवाल पूछने और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
ब्लॉक समन्वयक कमलेश सकलानी ने बताया कि जौनपुर ब्लॉक के 17 विद्यालयों के 110 बाल वैज्ञानिकों ने महोत्सव में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया।
जनप्रतिनिधियों और शिक्षकों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम का संचालन रणवीर नेगी ने किया। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष भाजपा जय सिंह अजवाण, प्रधानाचार्य रामऔतार, प्रधान वीरपाल सिंह कठैत, प्रधान प्रतिनिधि धनचूला गंभीर पवार, सामाजिक कार्यकर्ता अनिल हटवाल, रामसिंह पंवार, रैकमैन नवीन भारती, रमेश पंवार, सचिन रावत, रोहित सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।



