प्रवासी उत्तराखंडियों को जोड़ने की तैयारी तेज, 13 नवंबर को दून विश्वविद्यालय में होगा सम्मेलन
प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु ने ली तैयारियों की समीक्षा बैठक, बोले—प्रवासी उत्तराखंडियों से हो सार्थक संवाद; राज्य के विकास में उनके अनुभवों और सुझावों का लिया जाएगा लाभ

देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने तृतीय प्रवासी उत्तराखंडी दिवस सम्मेलन-2026 की तैयारियां तेज कर दी हैं। सम्मेलन का आयोजन 13 नवंबर को देहरादून स्थित दून विश्वविद्यालय के नित्यानंद ऑडिटोरियम में किया जाएगा। इसका उद्देश्य देश-विदेश में रह रहे प्रवासी उत्तराखंडियों से संवाद स्थापित करना और राज्य के विकास में उनके अनुभवों, सुझावों तथा योगदान का लाभ उठाना है।
बुधवार को सचिवालय में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु की अध्यक्षता में सम्मेलन की तैयारियों के लिए गठित समिति की बैठक हुई। बैठक में आयोजन को सफल बनाने, व्यापक प्रचार-प्रसार करने और अधिक से अधिक प्रवासी उत्तराखंडियों की सहभागिता सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुरूप होगा आयोजन
प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु ने अधिकारियों को सम्मेलन को अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुरूप, युवा-केंद्रित और नवाचारपूर्ण स्वरूप में आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों और शहरों में रहकर अलग-अलग क्षेत्रों में काम कर रहे प्रवासी उत्तराखंडियों को चिह्नित कर सम्मेलन में आमंत्रित किया जाए।
उन्होंने जोर दिया कि सम्मेलन केवल औपचारिक आयोजन तक सीमित न रहे, बल्कि प्रवासी उत्तराखंडियों के साथ सार्थक संवाद का मंच बने। उनके अनुभवों, सुझावों और विशेषज्ञता का उपयोग प्रदेश के विकास को नई दिशा देने में किया जाए।
पंजीकरण प्रक्रिया शुरू, एक सप्ताह में तैयार होगी रूपरेखा
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि तृतीय प्रवासी उत्तराखंडी दिवस सम्मेलन के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रमुख सचिव ने संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर सम्मेलन की विस्तृत रूपरेखा अंतिम रूप से तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही तैयारियों की प्रगति के संबंध में तीन से चार दिन के भीतर अपडेट देने को कहा।
मीडिया और सोशल मीडिया से होगा प्रचार-प्रसार
सम्मेलन को व्यापक स्तर पर प्रचारित करने के लिए प्रमुख सचिव ने मीडिया, विज्ञापन, होर्डिंग और सोशल मीडिया के माध्यम से प्रभावी अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने आमंत्रित अतिथियों के आवागमन, परिवहन, वाहनों, ठहरने और भोजन की व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने को कहा।
इसके अलावा उद्घाटन सत्र, विभिन्न विषयगत सत्रों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियां भी निर्धारित समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए गए।
लघु फिल्मों के जरिए दिखाई जाएगी विकास की तस्वीर
सम्मेलन स्थल पर साफ-सफाई, पहुंच मार्गों की व्यवस्था और सुचारु परिवहन पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया। आयोजन के दौरान राज्य सरकार के विकास कार्यों, योजनाओं और नीतियों पर आधारित लघु फिल्मों का प्रसारण किया जाएगा। इनके माध्यम से प्रवासी उत्तराखंडियों को प्रदेश में चल रहे विकास कार्यों और विभिन्न क्षेत्रों में हो रही पहलों की जानकारी दी जाएगी।
प्रमुख सचिव ने सभी संबंधित विभागों को पत्र जारी कर आपसी समन्वय के साथ तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में सचिव शैलेश बगोली, विनोद कुमार सुमन, सी. रविशंकर, राजेंद्र कुमार, दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल, मुख्य विकास अधिकारी देहरादून अभिनव शाह, उत्तराखंड प्रवासी प्रकोष्ठ के सदस्य सुधीर चंद्र नौटियाल, उपनिदेशक सूचना बद्री चंद सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



