टिहरी गढ़वाल

चमोली के SP सुरजीत सिंह पंवार ने छात्रों को दिया सफलता का मंत्र, बोले- ऊंचे लक्ष्य रखो और मेहनत से हासिल करो

पीएमश्री राइका भवान जौनपुर में विद्यार्थियों से किया संवाद, समाचार पत्र पढ़ने, किताबों का अध्ययन करने और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दिए टिप्स

रिपोर्ट — मुकेश रावत

थत्यूड़, टिहरी गढ़वाल। चमोली जिले के पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने विद्यार्थियों को सफलता का मंत्र देते हुए कहा कि जीवन में हमेशा ऊंचे लक्ष्य निर्धारित करने चाहिए और उन्हें हासिल करने के लिए पूरी मेहनत एवं लगन से प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिज्ञासा, नियमित अध्ययन और निरंतर सीखने की आदत विद्यार्थियों के भविष्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

सोमवार को पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज (राइका) भवान, जौनपुर में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने छात्र-छात्राओं से संवाद कर उन्हें करियर और प्रतियोगी परीक्षाओं के संबंध में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया। मूल रूप से थान गांव के निवासी पंवार एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए क्षेत्र में आए थे। अपने व्यस्त कार्यक्रम के बीच समय निकालकर उन्होंने विद्यालय पहुंचकर विद्यार्थियों को अपने अनुभवों से प्रेरित किया।

जिज्ञासा और अध्ययन से बढ़ेगा ज्ञान

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए एसपी सुरजीत सिंह पंवार ने कहा कि छात्रों को हमेशा नई चीजें सीखने के लिए प्रेरित रहना चाहिए। अपने आसपास के वातावरण को जिज्ञासा की दृष्टि से देखने पर भी भूगोल और जीव विज्ञान सहित विभिन्न विषयों का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त किया जा सकता है।

उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से समाचार सुनने और समाचार पत्र पढ़ने की सलाह देते हुए कहा कि इससे सामान्य ज्ञान मजबूत होता है और देश-दुनिया में होने वाली घटनाओं की जानकारी मिलती है।

पाठ्य पुस्तकों के साथ पढ़ने-लिखने की आदत जरूरी

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने के लिए पाठ्य पुस्तकों का गहन अध्ययन करना बेहद जरूरी है। विद्यार्थियों को अधिक से अधिक अच्छी किताबें पढ़नी चाहिए और नियमित रूप से लिखने का अभ्यास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि निरंतर मेहनत, अनुशासन और सही दिशा में किया गया प्रयास सफलता की राह आसान बनाता है।

उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जो विद्यार्थी मेहनत और लगन के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ते हैं, उनके लिए संभावनाओं की कोई सीमा नहीं होती। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर विद्यार्थियों को कई उपयोगी सुझाव भी दिए।

संस्कृत गीत से हुआ स्वागत, शॉल और स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित

कार्यक्रम के प्रारंभ में विद्यालय के प्रधानाचार्य ने पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार का माल्यार्पण कर बैज पहनाकर स्वागत किया। शिक्षक शंकर प्रसाद भट्ट ने उन्हें शॉल भेंट की, जबकि अरविंद कुमार उनियाल ने स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।

कक्षा आठ की छात्राओं ने स्वागत में मधुर संस्कृत गीत प्रस्तुत किया। अरविंद कुमार उनियाल ने एसपी पंवार का परिचय देते हुए उनके सेवाकाल और विभिन्न स्थानों पर किए गए योगदान की जानकारी दी। इस अवसर पर उन्हें विद्यालय की पत्रिका ‘फुल्यार’ भी भेंट की गई।

विद्यालय के प्रधानाचार्य ने विद्यालय आगमन और विद्यार्थियों को करियर संबंधी महत्वपूर्ण मार्गदर्शन देने के लिए एसपी सुरजीत सिंह पंवार का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन महावीर प्रसाद नौटियाल ने किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!