टिहरी गढ़वाल

दुग्ध उत्पादों को मिलेगी नई पहचान, धनोल्टी में आंचल कैफे का भूमि पूजन

भूमि पूजन के साथ शुरू हुई स्थापना की पहल, स्थानीय उत्पादों को बाजार और युवाओं को स्वरोजगार के अवसर मिलने की उम्मीद

रिपोर्ट — मुकेश रावत

धनोल्टी (टिहरी गढ़वाल)। उत्तराखंड के प्रमुख पर्यटन स्थल धनोल्टी में अब पर्यटकों को स्थानीय दुग्ध उत्पादों का स्वाद चखने का अवसर मिलेगा। दुग्ध संघ टिहरी गढ़वाल की पहल पर यहां आंचल कैफे स्थापित किया जाएगा। सोमवार को कैफे की स्थापना के लिए भूमि पूजन किया गया। इस पहल को क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार, स्थानीय दुग्ध उत्पादों की बिक्री बढ़ाने और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

कार्यक्रम में भाजपा टिहरी गढ़वाल के जिलाध्यक्ष उदय रावत, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष सुभाष रमोला, दुग्ध संघ टिहरी के अध्यक्ष सुशील रावत और धनोल्टी के उपजिलाधिकारी अंशुल भट्ट मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अतिथियों ने विधिवत भूमि पूजन कर आंचल कैफे की स्थापना की दिशा में पहल की।

पर्यटन स्थल पर मिलेगा स्थानीय उत्पादों को बाजार

धनोल्टी में हर वर्ष बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में आंचल कैफे के माध्यम से पर्यटकों को आंचल ब्रांड के दुग्ध उत्पाद उपलब्ध कराने की योजना है। इससे स्थानीय दुग्ध उत्पादकों को अपने उत्पादों के लिए बेहतर बाजार मिलने और दुग्ध व्यवसाय को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

कैफे के माध्यम से दुग्ध उत्पादों की बिक्री को बढ़ावा देने के साथ सहकारी दुग्ध व्यवस्था को मजबूत करने पर भी जोर रहेगा। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार की संभावनाएं बढ़ने और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

धनोल्टी की पर्यटन पहचान को मिलेगा नया आयाम

आंचल कैफे की स्थापना से धनोल्टी आने वाले पर्यटकों को स्थानीय उत्पादों की उपलब्धता के साथ एक नई सुविधा मिलने की संभावना है। यह पहल पर्यटन और स्थानीय आजीविका को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। कैफे के संचालन से जुड़े रोजगार के अवसर भी स्थानीय लोगों के लिए लाभकारी साबित हो सकते हैं।

कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने इस पहल को सराहनीय बताते हुए उम्मीद जताई कि आंचल कैफे भविष्य में धनोल्टी की नई पहचान बनेगा और स्थानीय दुग्ध उत्पादकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में मदद करेगा।

ये रहे मौजूद

इस अवसर पर व्यापार मंडल अध्यक्ष रघुवीर रमोला, कुलदीप नेगी, महामंत्री जगदीश सेमवाल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र राणा, किसान मोर्चा के जिला महामंत्री पृथ्वी रावत, राहुल बेलवाल, यशपाल बेलवाल, विपुल बेलवाल, नीरज बेलवाल, सोबन गुसाईं, प्रदीप बेलवाल, अरविंद मखलोगा, प्रवीण रावत, राहुल बिजल्वाण, दीपक असवाल, अनिल गुसाईं सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!