मां कुंजापुरी मेले की स्वर्ण जयंती का आगाज, सीएम धामी ने कहा- लोक संस्कृति और पर्यटन उत्तराखंड की पहचान
50वें स्वर्ण जयंती मेले में सीएम ने किया ध्वजारोहण, झांकियों का अवलोकन कर विकास प्रदर्शनी का किया उद्घाटन; टिहरी में पर्यटन विकास को लेकर कई योजनाओं का किया जिक्र

टिहरी/नरेंद्रनगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को नरेंद्रनगर स्थित सामुदायिक मैदान में नौ दिवसीय 50वें मां श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले का विधिवत शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने मेले का ध्वजारोहण कर आयोजन की शुरुआत की और इसके बाद आकर्षक झांकियों का अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री ने शहीद स्थल पहुंचकर अमर शहीदों की प्रतिमाओं और स्वतंत्रता संग्राम शहीद स्मारक पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद मां कुंजापुरी के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर पूजा-अर्चना की। कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत, बैज अलंकरण, स्मृति चिह्न और शॉल भेंट कर सम्मान किया गया।
मुख्यमंत्री ने विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन करते हुए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी ली।
पांच दशक की यात्रा पूरी कर चुका है कुंजापुरी मेला : सीएम
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मां कुंजापुरी का आशीर्वाद प्रदेशवासियों पर बना रहे। वर्ष 1974 से लगातार आयोजित हो रहा यह मेला उत्तराखंड की लोक आस्था, संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि 50 वर्षों की यात्रा पूरी कर चुका यह आयोजन धार्मिक महत्व के साथ-साथ व्यापार, पर्यटन और क्षेत्रीय विकास को भी गति दे रहा है। मुख्यमंत्री ने मेले के संस्थापक एवं तत्कालीन जिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह पांगती के योगदान की सराहना करते हुए आयोजन समिति, जनप्रतिनिधियों, स्थानीय नागरिकों और कलाकारों को बधाई दी।
धार्मिक पर्यटन को मिल रही नई पहचान
सीएम धामी ने कहा कि भारत की पहचान उसकी सनातन संस्कृति और जीवन मूल्यों से है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक स्थलों के संरक्षण एवं विकास का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
उन्होंने अयोध्या श्रीराम मंदिर, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, बदरी-केदार क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों और मानसखंड मंदिरों के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड में धार्मिक पर्यटन को नई पहचान मिल रही है।
स्थानीय उत्पादों और पर्यटन से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि पलायन रोकना, स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करना और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने दीनदयाल उपाध्याय गृह आवास योजना, होमस्टे योजना, एक जनपद-दो उत्पाद, हाउस ऑफ हिमालयाज, स्टेट मिलेट मिशन, एप्पल मिशन और फार्म मशीनरी बैंक जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे पहाड़ के स्थानीय उत्पादों और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों की मांग बढ़ रही है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका के नए अवसर पैदा हो रहे हैं और रिवर्स पलायन की संभावनाएं मजबूत हो रही हैं।
टिहरी में करोड़ों की विकास योजनाओं पर काम जारी
मुख्यमंत्री ने टिहरी जनपद में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि टिहरी झील के चारों ओर रिंग रोड और पर्यटन मार्ग का निर्माण किया जा रहा है।
इसके अलावा नरेंद्रनगर क्षेत्र में राजकीय पॉलिटेक्निक उच्चीकरण, केंद्रीय विद्यालय, विधि महाविद्यालय, सभागार निर्माण, गजा अस्पताल उच्चीकरण और करीब 50 करोड़ रुपये की सीवर लाइन जैसी योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है।
रंग-बिरंगी झांकियों ने मोहा मन
मेले के शुभारंभ अवसर पर निकाली गई झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। छोलिया नृत्य, गाड़ू गड़ा तेल, महिषासुर मर्दिनी, भारत की गौरवशाली बेटियां, नरसिंह अवतार, सूर्य नमस्कार, माखन होली, मां कुंजापुरी, बदलता नरेंद्रनगर और कालबेलिया नृत्य जैसी प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और सांस्कृतिक दलों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर उत्तराखंड की संस्कृति और परंपराओं का संदेश दिया।
स्वर्ण जयंती मेले में होंगे कई बड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम
11 से 19 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले इस राज्यस्तरीय मेले में खेल प्रतियोगिताओं, विद्यालय स्तरीय कार्यक्रमों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया जाएगा।
मेले में पद्मश्री डॉ. बसंती बिष्ट, संगीता ढौंडियाल, मीना राणा, किशन महिपाल, नरेंद्र सिंह नेगी, पांडवाज बैंड, सुदेश लहरी, राजीव ठाकुर और सुनंदा शर्मा सहित कई प्रसिद्ध कलाकार प्रस्तुति देंगे। समापन अवसर पर पद्मश्री जागर सम्राट प्रीतम भरत्वाण जागर गायन की प्रस्तुति देंगे।



