टिहरी गढ़वाल

सेवा ज्योति यात्रा के साथ गूंजा विकसित भारत का संकल्प

टिहरी में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित हुई विकसित भारत@2047 संकल्प सभा, वन मंत्री सुबोध उनियाल समेत जनप्रतिनिधियों ने लिया भाग

टिहरी। सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित प्रताप इंटर कॉलेज मैदान में सेवा ज्योति यात्रा एवं विकसित भारत@2047 संकल्प सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय, धनौल्टी विधायक प्रीतम सिंह पंवार, घनसाली विधायक शक्तिलाल शाह और देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम स्थल पर मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के पहुंचने पर पुलिस बल ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। उपस्थित लोगों ने वर्चुअल माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन भी सुना।

प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने उपस्थित जनसमूह को विकसित भारत@2047 के निर्माण का सामूहिक संकल्प दिलाया। इसके बाद अतिथियों ने सेवा ज्योति प्रज्वलित कर सेवा ज्योति यात्रा को रवाना किया।

मशाल के साथ निकली विशाल रैली में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया। रैली के माध्यम से सेवा, सुशासन, विकास और आत्मनिर्भर भारत का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।

जनकल्याणकारी योजनाओं की दी गई जानकारी

कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों की ओर से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए स्टॉल लगाए गए। अतिथियों ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी ली।

वहीं, स्कूली छात्राओं ने सेवा संकल्प अभियान की थीम पर आकर्षक रंगोलियां तैयार कीं। अतिथियों ने रंगोलियों का अवलोकन कर छात्राओं के प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम के दौरान सूचना विभाग की सांस्कृतिक टीम ने देशभक्ति और जनजागरूकता से जुड़ी प्रस्तुतियां देकर माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, दायित्वधारी सोना सजवान, जोत सिंह बिष्ट, संजय नेगी, खेम सिंह चौहान, गीता रावत, विनोद सुयाल, अनुसूचित जाति आयोग की सदस्य सुनीता देवी, पूर्व मंत्री दिनेश धनै, पूर्व विधायक विजय पंवार, धन सिंह नेगी, जिला प्रभारी अनिल गोयल सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!