गश्त के दौरान लावारिस मिली बाइक, मसूरी पुलिस ने सुरक्षित कर मालिक को सौंपी
झड़ीपानी मार्ग पर सड़क किनारे खुला मिला था मोटरसाइकिल का लॉक, पुलिस ने तलाश कर वाहन चालक को सौंपा वाहन

मसूरी। कोतवाली मसूरी पुलिस ने गश्त के दौरान सड़क किनारे लावारिस हालत में मिली मोटरसाइकिल को सुरक्षित कर उसके वाहन चालक के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की सतर्कता और तत्परता से वाहन सुरक्षित उसके स्वामी तक पहुंच सका।
सोमवार सुबह पुलिस टीम कोलूखेत से झड़ीपानी जाने वाले मार्ग पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान कोलूखेत चौकी से करीब एक किलोमीटर आगे झड़ीपानी मार्ग पर सड़क किनारे एक मोटरसाइकिल UK07HH7043 लावारिस हालत में खड़ी मिली। मोटरसाइकिल का लॉक भी खुला हुआ था।
पुलिस टीम ने तत्काल आसपास के क्षेत्र में तलाश की और मार्ग से गुजरने वाले लोगों से भी मोटरसाइकिल के संबंध में जानकारी जुटाई, लेकिन वाहन के मालिक या चालक के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। किसी अनहोनी की आशंका और वाहन की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने मोटरसाइकिल को चौकी कोलूखेत पहुंचाकर सुरक्षित खड़ा कर दिया।
इसके बाद पुलिस टीम ने वाहन से संबंधित आवश्यक जानकारी जुटाते हुए उसके स्वामी और चालक की तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को वाहन चालक की जानकारी मिली और उसे तत्काल सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर राहुल राणा पुत्र मणिराज राणा, निवासी क्याकुली, मसूरी चौकी कोलूखेत पहुंचे। पूछताछ में उन्होंने पुलिस को बताया कि मोटरसाइकिल रात के समय रास्ते में खराब हो गई थी। इसके चलते वह मोटरसाइकिल को सड़क किनारे छोड़कर चले गए थे।
पुलिस ने आवश्यक सत्यापन और जांच-पड़ताल के बाद मोटरसाइकिल को राहुल राणा के सुपुर्द कर दिया। मसूरी पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में लगातार गश्त और सतर्कता बरती जा रही है, ताकि आमजन के साथ-साथ उनके वाहनों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सके।



