उत्तराखंड ताज़ा

‘सपनों का भारत 2047’ को लेकर खजानदास ने विद्यार्थियों में जगाया विकसित राष्ट्र का संकल्प

सीएनआई इंटर कॉलेज में सेवा कार्य, भाषण, चित्रकला व पेंटिंग प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा; विजेताओं को किया सम्मानित

देहरादून। समाज कल्याण मंत्री एवं भाजपा उत्तराखंड के प्रदेश संयोजक तथा ‘सपनों का भारत 2047’ अभियान के संयोजक खजानदास ने मंगलवार को सीएनआई इंटर कॉलेज, देहरादून में आयोजित विभिन्न रचनात्मक कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया। उन्होंने सेवा कार्य, भाषण, चित्रकला एवं पेंटिंग प्रतियोगिताओं के साथ प्रदर्शनी का अवलोकन किया और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरित किए।

कार्यक्रम के दौरान खजानदास ने विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा और उनके उत्कृष्ट प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में राष्ट्र निर्माण की भावना मजबूत होती है। उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी इसी तरह रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

खजानदास ने कहा कि ‘सपनों का भारत 2047’ अभियान का उद्देश्य युवाओं के मन में भारत को वर्ष 2047 तक सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने की सोच को मजबूत करना है। सेवा संकल्प अभियान के तहत विद्यार्थियों को चित्रों और भाषणों के माध्यम से विकसित भारत 2047 को लेकर अपने विचार व्यक्त करने का अवसर दिया जा रहा है। साथ ही रंगोली और नुक्कड़ नाटक जैसी गतिविधियों के माध्यम से महिला सशक्तीकरण सहित सामाजिक विषयों पर भी जागरूकता का संदेश दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विकसित भारत 2047 के विजन में आत्मनिर्भरता के साथ सेमीकंडक्टर निर्माण, रक्षा उत्पादन, हरित ऊर्जा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे आधुनिक क्षेत्रों पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके साथ ही आधुनिक हाईवे, मजबूत रेलवे नेटवर्क और डिजिटल कनेक्टिविटी के विस्तार पर भी ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और समान अवसर उपलब्ध हों।

इस अवसर पर सीएनआई इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य रीबिका, नगर निगम पार्षद अशोक डोबरियाल, नैन सिंह पंवार सहित विद्यालय के शिक्षकगण एवं अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!