राजकीय महाविद्यालय थत्यूड़ में छात्रसंघ चुनाव को लेकर बढ़ा उत्साह
छात्रसंघ के विभिन्न पदों के लिए 17 प्रत्याशियों ने खरीदे नामांकन पत्र, चुनावी सरगर्मियां तेज

रिपोर्ट –मुकेश रावत
थत्यूड़, टिहरी गढ़वाल। राजकीय महाविद्यालय थत्यूड़ में छात्रसंघ निर्वाचन सत्र 2026-27 को लेकर छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। छात्रसंघ के विभिन्न पदों के लिए कुल 17 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र खरीदे हैं। नामांकन प्रक्रिया के साथ ही महाविद्यालय परिसर में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं।
अध्यक्ष पद के लिए दीपांशु रावत, आशीष नेगी और नंदिनी, उपाध्यक्ष पद के लिए दीपिका, मुस्कान और शानू पंवार ने नामांकन पत्र खरीदे। सचिव पद के लिए सानिया धीमान, शानू पंवार और मुस्कान, जबकि कोषाध्यक्ष पद के लिए सलोनी और रंगीता ने नामांकन पत्र लिया।
इसी क्रम में सहसचिव पद के लिए काजल और मंजू तथा विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद के लिए सागर, प्रतिष्ठा चमोली और गौरव सिंह सहित अन्य प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र खरीदे।
महाविद्यालय प्रशासन छात्रसंघ निर्वाचन प्रक्रिया को निर्धारित नियमों और लिंगदोह समिति की अनुशंसाओं के अनुरूप संपन्न कराने की तैयारियों में जुटा है। नामांकन पत्र खरीदने के दौरान परिसर में छात्र-छात्राओं की सक्रियता और उत्साह साफ नजर आया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आदित्य कुमार मौर्य ने सभी प्रत्याशियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छात्रसंघ चुनाव विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी और सहभागिता की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने सभी प्रत्याशियों से चुनाव प्रक्रिया के दौरान महाविद्यालय की गरिमा और अनुशासन बनाए रखने की अपील की।
महाविद्यालय प्रशासन ने निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की बात कही है। नामांकन प्रक्रिया के बाद अब छात्र-छात्राओं के बीच चुनावी चर्चाएं और गतिविधियां और तेज हो गई हैं।



