खबर का असर: थत्यूड़-मसूरी-देहरादून मार्ग पर धंसी सड़क की मरम्मत
खबर प्रकाशित होने के बाद लोक निर्माण विभाग ने लिया तत्काल संज्ञान, 33 केवी सब स्टेशन के पास क्षतिग्रस्त सड़क को किया सुरक्षित

थत्यूड़। थत्यूड़-मसूरी-देहरादून मोटर मार्ग पर 33 केवी सब स्टेशन के पास सड़क धंसने की खबर का असर देखने को मिला। फास्ट खबर 24 द्वारा शनिवार सुबह करीब 10 बजे सड़क की बदहाल स्थिति और दुर्घटना की आशंका को लेकर प्रमुखता से खबर प्रसारित की गई। खबर सामने आने के बाद लोक निर्माण विभाग थत्यूड़ ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए सड़क के धंसे हुए हिस्से की मरम्मत कर उसे सुरक्षित कर दिया।
दरअसल, थत्यूड़ मुख्य बाजार से करीब डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर 33 केवी सब स्टेशन के पास मोटर मार्ग का एक हिस्सा धंस गया था। मार्ग संकरा होने के कारण क्षतिग्रस्त सड़क वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बनी हुई थी। सड़क की स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में भी चिंता बनी हुई थी।
फास्ट खबर 24 ने स्थानीय लोगों की समस्या को प्रमुखता से उठाते हुए संबंधित विभाग का ध्यान इस ओर आकर्षित किया। खबर प्रसारित होने के बाद लोक निर्माण विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत का कार्य किया और सड़क को आवागमन के लिए सुरक्षित बनाया।
सड़क की मरम्मत होने के बाद स्थानीय लोगों ने फास्ट खबर 24 के संपादक मुकेश रावत का आभार जताया। लोगों का कहना है कि जनसमस्याओं को प्रमुखता से सामने लाने और संबंधित विभाग तक मामला पहुंचाने से समस्या का त्वरित समाधान संभव हुआ।
हालांकि, स्थानीय लोगों ने थत्यूड़ से अलमस तक करीब आठ किलोमीटर लंबे संकरे मार्ग की स्थिति को लेकर भी चिंता जताई है। लोगों के अनुसार मार्ग पर कई स्थानों पर गड्ढे और क्षतिग्रस्त हिस्से मौजूद हैं, जिनकी जल्द मरम्मत किया जाना जरूरी है। स्थानीय लोगों ने विभाग से पूरे मार्ग का निरीक्षण कर आवश्यक स्थानों पर मरम्मत कार्य कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके।
फास्ट खबर 24 की खबर का असर: समस्या सामने आई, विभाग ने तत्काल संज्ञान लिया और 33 केवी सब स्टेशन के पास सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत कर दी।



