टिहरी गढ़वाल

टिहरी में खाद्य प्रतिष्ठानों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 8 खाद्य नमूने जांच को भेजे

बद्रीनाथ मार्ग के होटल-रेस्टोरेंटों में छापेमारी जैसे आकस्मिक निरीक्षण, पनीर समेत खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर कड़ी नजर

टिहरी गढ़वाल, 21 अगस्त 2026। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर टिहरी जिले में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने विशेष अभियान चलाया। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड विनय शंकर पांडे के निर्देश और जिलाधिकारी टिहरी के मार्गदर्शन में विभागीय टीम ने बद्रीनाथ मार्ग स्थित होटल और रेस्टोरेंटों के किचन व स्टोर का आकस्मिक निरीक्षण किया।

अभियान के दौरान प्रतिष्ठानों में इस्तेमाल किए जा रहे दुग्ध पदार्थों के स्रोत, कच्चे माल की खरीद के बिल, खाद्य निर्माण प्रक्रिया, लेबलिंग-पैकेजिंग, बैच नंबर और निर्माण तिथि समेत जरूरी घोषणाओं की बारीकी से जांच की गई। टीम ने किचन की साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों का भी जायजा लिया।

अलोहा, रोजैट और होटल ताज सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों के भंडारण की स्थिति और FIFO प्रणाली के पालन की जांच की गई। इसके साथ ही खाद्य निर्माण में इस्तेमाल होने वाले पानी की जांच रिपोर्ट और किचन कर्मचारियों के चिकित्सीय परीक्षण से संबंधित अभिलेख भी देखे गए। प्रतिष्ठान संचालकों को साफ-सफाई बनाए रखने और FIFO प्रणाली का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए।

8 खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला भेजे

विशेष अभियान के दौरान दाल, आटा, पोहा, सब्जी, चीनी, मैदा और बेकरी उत्पाद समेत कुल 8 खाद्य नमूने संग्रहित किए गए हैं। सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेज दिया गया है। प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अभियान का नेतृत्व उपायुक्त, गढ़वाल मंडल राजेंद्र सिंह रावत ने किया। इस दौरान सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा टिहरी प्रमोद रावत, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी बलवंत चौहान समेत खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!