ताज़ा ख़बर

एमडीडीए की सख्ती: बिना नक्शे के निर्माण पर चला कार्रवाई का डंडा, निर्माण सील

ऋषिकेश में बिना स्वीकृत मानचित्र हो रहे निर्माण पर एमडीडीए की कार्रवाई, उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा—नियम तोड़े तो होगी सख्त कार्रवाई

देहरादून, 18 अगस्त। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माण और अनधिकृत प्लाटिंग के खिलाफ अपना अभियान तेज कर दिया है। प्राधिकरण उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के निर्देश पर एमडीडीए की टीम ने ऋषिकेश क्षेत्र में बिना स्वीकृत मानचित्र के किए जा रहे निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए निर्माण स्थल को सील कर दिया।

एमडीडीए के अनुसार, ऋषिकेश के मनीराम मार्ग, गली नंबर-10 निवासी सरला अग्रवाल द्वारा बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माण कराया जा रहा था। प्रकरण सामने आने के बाद प्राधिकरण की टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर निर्माण स्थल को सील कर दिया।

बिना नक्शे के निर्माण पर नहीं मिलेगी छूट

एमडीडीए ने साफ किया है कि प्राधिकरण क्षेत्र में किसी भी तरह का निर्माण कार्य स्वीकृत मानचित्र और निर्धारित नियमों के अनुरूप ही किया जाना चाहिए। बिना अनुमति निर्माण या अनधिकृत प्लाटिंग पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि अवैध निर्माण और अनधिकृत प्लाटिंग के खिलाफ एमडीडीए का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना स्वीकृत मानचित्र के किसी भी व्यक्ति को निर्माण की अनुमति नहीं दी जाएगी। प्राधिकरण की टीमें लगातार विभिन्न क्षेत्रों में निर्माण गतिविधियों की निगरानी कर रही हैं।

उन्होंने आमजन से अपील की कि निर्माण शुरू करने से पहले मानचित्र का नियमानुसार अनुमोदन जरूर कराएं और प्राधिकरण के नियमों का पालन करें। नियमों का उल्लंघन सामने आने पर किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी।

वहीं, प्राधिकरण के अधिकारी मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माण करना नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है। ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है और अनधिकृत निर्माण को लेकर किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

एमडीडीए की इस कार्रवाई के बाद अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप की स्थिति है। प्राधिकरण ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में भी विभिन्न क्षेत्रों में निर्माण कार्यों की जांच और कार्रवाई का सिलसिला जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!