यमुनोत्री हाईवे चौड़ीकरण से क्षतिग्रस्त सड़क पर डीएम सख्त, एनएच को दिए तत्काल मरम्मत के निर्देश
सारीगाड-कंडारी मार्ग बंद होने से किसानों की बढ़ी मुश्किलें, टमाटर, सेब, आलू और बीन की फसल बाजार पहुंचाने में हो रही परेशानी; डीएम ने 700 मीटर नई सड़क के प्रस्ताव पर भी दिया आश्वासन

उत्तरकाशी। यमुनोत्री हाईवे के चौड़ीकरण कार्य के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सारीगाड-कंडारी मोटर मार्ग को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। शनिवार को जिलाधिकारी प्रशांत आर्य स्वयं मौके पर पहुंचे और सड़क की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क क्षतिग्रस्त होने से खेती-बाड़ी और आवागमन में आ रही परेशानियों से जिलाधिकारी को अवगत कराया।
ग्रामीणों ने बताया कि मार्ग टूटने से टमाटर, आलू, बीन और सेब जैसी नकदी फसलों को समय पर बाजार तक पहुंचाना मुश्किल हो गया है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) बड़कोट के अधिकारियों को सड़क मरम्मत कार्य में तेजी लाने और क्षतिग्रस्त हिस्से को जल्द से जल्द यातायात के लिए सुचारु करने के निर्देश दिए। साथ ही सारीगाड बाजार से सारी बैंड तक करीब 700 मीटर सड़क निर्माण के प्रस्ताव पर परीक्षण के बाद आवश्यक कार्रवाई का भरोसा भी दिया।
निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने कंडारी पंपिंग पेयजल योजना लंबे समय से बंद होने की शिकायत भी जिलाधिकारी के समक्ष रखी। इस पर जिलाधिकारी ने जल संस्थान के अधिशासी अभियंता को तत्काल समस्या का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं मानसून सीजन समाप्त होने के बाद गातू क्षेत्र में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित कराने का भी आश्वासन दिया।
निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता एनएच अरुण कुमार पांडे, अधिशासी अभियंता एनएच मनोज रावत, अधिशासी अभियंता पीएमजीएसवाई योगेंद्र कुमार, ग्राम प्रधान एवं विभिन्न गांवों के ग्रामीण मौजूद रहे।



