लगातार बारिश पर अलर्ट: डीएम नितिका खंडेलवाल ने कसी आपदा प्रबंधन की कमान, 24×7 निगरानी के निर्देश
भूस्खलन से बंद सड़कों को जल्द खोलने के आदेश, कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर राहत-बचाव व्यवस्था का लिया जायजा

नई टिहरी। जनपद में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की अध्यक्ष नितिका खंडेलवाल ने गुरुवार को आपदा प्रबंधन की तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक लेते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में राहत और बचाव कार्यों में लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद के सभी मोटर मार्गों की स्थिति, भूस्खलन से बाधित सड़कों को खोलने के लिए तैनात जेसीबी मशीनों एवं अन्य संसाधनों की उपलब्धता की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि बंद पड़े मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र यातायात के लिए सुचारु किया जाए तथा संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार नजर रखी जाए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने जिला आपदा नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण कर मॉनिटरिंग सिस्टम, संचार व्यवस्था और विभिन्न क्षेत्रों से मिल रही सूचनाओं का जायजा लिया। उन्होंने मौसम की स्थिति, सड़कों की अद्यतन जानकारी और राहत एवं बचाव कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि 24×7 सतर्कता बनाए रखते हुए सभी संवेदनशील स्थानों की लगातार निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी आपदा की स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए जाएं।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र नेगी, एसडीएम टिहरी कमलेश मेहता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।



