2035 तक विकसित उत्तराखंड का लक्ष्य, सतपाल महाराज ने करोड़ों की योजनाओं का किया शिलान्यास
'सेवा पखवाड़ा' के तहत चौबट्टाखाल विधानसभा में जनसंपर्क, कार्यकर्ता सम्मेलन और करोड़ों रुपये की सड़क व पंचायत भवन परियोजनाओं की दी सौगात

पौड़ी। उत्तराखंड सरकार के ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत चल रहे ‘सेवा पखवाड़ा’ में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने शनिवार को क्षेत्र का व्यापक दौरा कर विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक बैठकें करने के साथ ही जनता से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
इस दौरान मंत्री ने विकासखंड पाबौ के ग्राम ऋषि में 1.48 करोड़ रुपये की लागत से पाबौ-पिनानी-दमदेवल मोटर मार्ग के डामरीकरण, 1.23 करोड़ रुपये की लागत से पाबौ-दमदेवल मोटर मार्ग के सुधारीकरण एवं डामरीकरण तथा 15.83 करोड़ रुपये की लागत से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत झगरबौ-सिवाल-पल्ली गांव मोटर मार्ग का शिलान्यास एवं भूमि पूजन किया। इसके अलावा ग्राम झंगरबों में 10 लाख रुपये की लागत से निर्मित पंचायत भवन का लोकार्पण भी किया।
राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पिनानी में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सतपाल महाराज ने कहा कि सरकार ‘सेवा, सुशासन और समर्पण’ के संकल्प के साथ अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2035 तक उत्तराखंड को विकसित राज्य बनाने के लक्ष्य को लेकर सरकार तेजी से कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।



