टिहरी में ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था परखी
डबल लॉक सिस्टम, सीसीटीवी निगरानी और रिकॉर्ड रखरखाव की समीक्षा, मरम्मत कार्य गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश

नई टिहरी। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने शनिवार को नई टिहरी स्थित ईवीएम–वीवीपैट वेयरहाउस का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वेयरहाउस में सुरक्षित रखी गई ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा, रिकॉर्ड के रखरखाव, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली तथा प्रवेश नियंत्रण व्यवस्था की गहन समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने एफएलसी हॉल, डबल लॉक सिस्टम सहित वेयरहाउस के विभिन्न ब्लॉकों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुरक्षा से जुड़े सभी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि वेयरहाउस में चल रहे आवश्यक मरम्मत कार्य को उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और सुरक्षा पूरी तरह बरकरार रहे।
निरीक्षण के दौरान भाजपा प्रतिनिधि जयेंद्र पंवार, युवा कांग्रेस सदस्य नवीन सेमवाल, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, सहायक निर्वाचन अधिकारी विजय तिवारी, जवाहर सिंह, ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता विशाल चौहान सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।



