उत्तराखंड ताज़ा

10 दिन में जनता के लिए खुलेगा नंदा की चौकी पुल, मंत्री सतपाल महाराज ने किया औचक निरीक्षण

95 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा, 16 करोड़ की लागत से बन रहा पुल

देहरादून। प्रेमनगर स्थित टौंस नदी पर बने नंदा की चौकी पुल का पुनर्निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। प्रदेश के लोक निर्माण एवं सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने मंगलवार को निर्माण स्थल का औचक निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत में मंत्री सतपाल महाराज ने बताया कि पुल का लगभग 95 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। यदि मौसम अनुकूल रहा तो अगले 10 दिनों के भीतर पुल को आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुई इस महत्वपूर्ण परियोजना का पुनर्निर्माण 16 करोड़ रुपये की लागत से लोक निर्माण विभाग और एनएचएआई के संयुक्त प्रयासों से कराया जा रहा है। इस बार पुल की मजबूती और दीर्घकालिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सामान्य ओपन फाउंडेशन के बजाय आधुनिक और अधिक सुरक्षित वेल फाउंडेशन (Well Foundation) तकनीक अपनाई गई है।

मंत्री ने बताया कि नदी के दोनों किनारों पर आरसीसी सुरक्षा दीवारों का निर्माण भी तेजी से चल रहा है। साथ ही पुल के अन्य तीन पिलरों को भी अतिरिक्त सुरक्षा प्रदान करने के लिए सुरक्षात्मक कार्य किए जा रहे हैं, ताकि भविष्य में बाढ़ जैसी परिस्थितियों का प्रभाव कम से कम हो।

निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता राजेश शर्मा, मुख्य अभियंता रणजीत सिंह तथा ओमपाल सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!