टिहरी में एग्रीस्टैक मिशन तेज, किसानों से यूनिक फार्मर आईडी बनवाने की अपील
डिजिटल क्रॉप सर्वे का 40% कार्य पूरा, किसान सम्मान निधि समेत सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए फार्मर रजिस्ट्री जरूरी

टिहरी गढ़वाल | टिहरी गढ़वाल में एग्रीस्टैक योजना को लेकर प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। सचिव राजस्व परिषद रंजना राजगुरु की अध्यक्षता में बुधवार को वर्चुअल माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में जनपदों में चल रहे एग्रीस्टैक कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने जानकारी दी कि जनपद टिहरी गढ़वाल में डिजिटल क्रॉप सर्वे का करीब 40 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है, जबकि शेष कार्य तेजी से जारी है। वहीं अंश निर्धारण का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण कर लिया गया है।
जिलाधिकारी ने जिले के किसानों से अपील करते हुए कहा कि भारत सरकार और राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे किसानों तक पहुंचाने के लिए यूनिक फार्मर आईडी बनवाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि किसान स्वयं अथवा अपने नजदीकी सीएससी सेंटर पर जाकर फार्मर रजिस्ट्री के माध्यम से अपनी यूनिक फार्मर आईडी जल्द बनवाएं, ताकि किसान सम्मान निधि सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी परेशानी के प्राप्त किया जा सके।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि सीएससी सेंटर पर किसी प्रकार की समस्या आने पर किसान सीएससी मैनेजर राजेश लसियाल (7217718337) और राज्य समन्वयक संदीप कुमार (9016169336) से संपर्क कर सकते हैं।



