टिहरी में 9 मई को राष्ट्रीय लोक अदालत, एक दिन में सुलझेंगे हजारों मामले
प्री-लिटिगेशन से लेकर कोर्ट में लंबित वादों का निस्तारण, 8 मई तक आवेदन का मौका

नई टिहरी, 24 अप्रैल 2026। जनपद टिहरी गढ़वाल में आगामी 9 मई 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक जिला एवं अधीनस्थ न्यायालयों में किया जाएगा।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के निर्देश पर उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के तत्वावधान में यह लोक अदालत आयोजित की जा रही है, जिसमें आम जनता को त्वरित और सुलभ न्याय प्रदान करने का अवसर मिलेगा।
इस लोक अदालत में प्री-लिटिगेशन (अदालत में दाखिल होने से पहले के मामले) के साथ-साथ न्यायालयों में लंबित विभिन्न प्रकार के मामलों का निस्तारण आपसी सहमति के आधार पर किया जाएगा।
इन मामलों का होगा निपटारा:
फौजदारी के शमनीय मामले, चेक बाउंस (धारा 138 एनआई एक्ट), मोटर दुर्घटना दावा, वैवाहिक एवं पारिवारिक विवाद, श्रम विवाद, भूमि अर्जन, दीवानी वाद, राजस्व मामले, वेतन-भत्ते व पेंशन संबंधी प्रकरण, बिजली-पानी बिल, धन वसूली, उपभोक्ता वाद, यातायात चालान सहित अन्य समझौता योग्य मामलों को प्राथमिकता दी जाएगी।
सदस्य सचिव, उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण ने आम जनता से अपील की है कि जो भी व्यक्ति अपने मामलों का शीघ्र निस्तारण चाहते हैं, वे 8 मई 2026 तक संबंधित न्यायालय में स्वयं या अपने अधिवक्ता के माध्यम से प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर सकते हैं।



