प्रदेश के खिलाड़ियों को सरकार का बड़ा तोहफा: 3 करोड़ से अधिक की इनामी राशि जारी
खेल मंत्री रेखा आर्या ने डीबीटी के माध्यम से खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के खातों में सीधे भेजी धनराशि, आउट ऑफ टर्न नौकरी प्रक्रिया को भी मिलेगी रफ्तार

देहरादून, 19 मार्च। प्रदेश के खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों और उनके प्रशिक्षकों को 3 करोड़ रुपये से अधिक की इनामी धनराशि जारी की गई है।
बृहस्पतिवार को यमुना कॉलोनी स्थित कैंप कार्यालय में खेल मंत्री रेखा आर्या ने डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से यह राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर की।
खेल मंत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि इस सूची में 1 जुलाई 2024 से 31 मार्च 2025 के बीच अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ी शामिल हैं। इसके अलावा, 38वें राष्ट्रीय खेलों में पदक विजेता वे खिलाड़ी और कोच भी इस लाभ से आच्छादित किए गए हैं, जो पूर्व में आवश्यक कागजी औपचारिकताएं पूरी न कर पाने के कारण इनामी राशि से वंचित रह गए थे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अब सभी लंबित मामलों का निस्तारण करते हुए संबंधित खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को उनका पूरा हक प्रदान कर दिया गया है।
रेखा आर्या ने कहा कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन में कोई कमी नहीं छोड़ेगी। उन्होंने यह भी बताया कि पदक विजेताओं को ‘आउट ऑफ टर्न’ नौकरी देने की प्रक्रिया को तेज किया जा रहा है। जल्द ही विभिन्न विभागों में आवश्यक पद सृजित कर योग्य खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी उपलब्ध कराई जाएगी।
सरकार के इस कदम से प्रदेश के खेल प्रतिभाओं में नई ऊर्जा का संचार होने की उम्मीद है।



