
रिपोर्ट — मुकेश रावत
थत्यूड़/धनौल्टी। पर्यटन नगरी धनौल्टी स्थित इको पार्क क्षेत्र में भ्रमण के दौरान एक पर्यटक का गुम हुआ बैग धनौल्टी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुरक्षित बरामद कर उसके मालिक को सौंप दिया। बैग में मोबाइल फोन, नगद धनराशि एवं आवश्यक दस्तावेज मौजूद थे। पुलिस की इस संवेदनशील एवं सराहनीय कार्रवाई से एक बार फिर जनसेवा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता सामने आई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 26 जनवरी 2026 को मोहित पुत्र अनोज, निवासी मंगोलपुर कला, दिल्ली, अपने परिवार के साथ धनौल्टी भ्रमण पर आए थे। भ्रमण के दौरान इको पार्क क्षेत्र में उनका एक बैग गुम हो गया, जिससे वे काफी परेशान हो गए। बैग में उनका मोबाइल फोन, नगदी तथा महत्वपूर्ण कागजात रखे हुए थे।
घटना की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी धनौल्टी उप निरीक्षक नवल किशोर गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस द्वारा CIU के माध्यम से मोबाइल की लोकेशन ट्रेस कर सघन तलाश अभियान चलाया गया। प्रयासों के फलस्वरूप बैग को खोज निकाला गया और उसमें रखी समस्त सामग्री सही-सलामत बरामद की गई।
इसके पश्चात पुलिस ने बैग सहित मोबाइल फोन, नगद धनराशि एवं सभी आवश्यक दस्तावेज श्री मोहित को सुपुर्द किए। अपना सामान सुरक्षित पाकर मोहित ने धनौल्टी पुलिस की ईमानदारी, संवेदनशीलता एवं त्वरित कार्यवाही की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए आभार व्यक्त किया।
इस सराहनीय कार्य में उप निरीक्षक नवल किशोर गुप्ता एवं हेड कांस्टेबल सुनील प्रसाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
धनौल्टी पुलिस की यह कार्रवाई न केवल पर्यटकों में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाने वाली है, बल्कि पुलिस के मानवीय चेहरे को भी उजागर करती है।



