रौतू की बेली में गूंजे बच्चों के सपने, ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ कार्यक्रम आयोजित
विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने विद्यार्थियों से किया संवाद, भाषण, चित्रकला, रंगोली और निबंध प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

रिपोर्ट — मुकेश रावत
थत्यूड़। रा0इ0 कॉलेज रौतू की बेली में सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में धनोल्टी विधायक प्रीतम सिंह पंवार, खंड शिक्षा अधिकारी जौनपुर सुनील कार्की, पूर्व प्रमुख जौनपुर कुंवर सिंह पंवार समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कार्की ने अतिथियों के स्वागत के साथ की। उन्होंने ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ कार्यक्रम की अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए शिक्षा विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही विद्यालय के परीक्षा परिणाम पर संतोष व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों से बेहतर प्रदर्शन के लिए निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया।
इसके बाद विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने छात्र-छात्राओं से संवाद किया। इस दौरान ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर विद्यार्थियों के साथ चर्चा-परिचर्चा की गई। पृथ्वी सिंह, युद्धवीर सिंह पंवार समेत अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। भाषण प्रतियोगिता में रिया भंडारी ने प्रथम, लक्ष्मी ने द्वितीय और आरुषि ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। चित्रकला में ऋषिका रावत प्रथम, सिमरन द्वितीय और धीरज तृतीय रहे। रंगोली प्रतियोगिता में सिमरन कोहली ने प्रथम और सिमरन ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। निबंध प्रतियोगिता में प्रिया और लक्ष्मी ने प्रथम, प्राची ने द्वितीय तथा पायल ने तृतीय स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य एसके वर्मा ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन अनिल कुमार नौटियाल ने किया। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई।



