उत्तराखंड ताज़ा

उत्तराखंड बनेगा स्किल हब, उद्योगों की जरूरत के हिसाब से तैयार होंगे युवा

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कौशल विकास योजनाओं की समीक्षा की, आईटीआई को उद्योगों के मानकों के अनुरूप अपग्रेड करने के निर्देश

देहरादून। युवाओं को रोजगार से जोड़ने और प्रदेश में कौशल विकास को नई दिशा देने के लिए सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने शुक्रवार को सचिवालय में कौशल विकास एवं रोजगार से संबंधित योजनाओं की समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रशिक्षण कार्यक्रमों को उद्योगों की वर्तमान और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार किया जाए, ताकि प्रशिक्षण के बाद युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।

मुख्य सचिव ने कहा कि युवाओं की रुचि और स्थानीय स्तर पर रोजगार की मांग को ध्यान में रखते हुए गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाना जरूरी है। उन्होंने कौशल विकास से जुड़े सभी विभागों को एक प्लेटफॉर्म पर लाने के निर्देश देते हुए कहा कि इससे युवाओं को विभिन्न योजनाओं और रोजगार के अवसरों की जानकारी एक ही स्थान पर मिल सकेगी।

प्रदेश को स्किल हब के रूप में विकसित करने के लिए मुख्य सचिव ने सचिव कौशल विकास को सेतु आयोग की राय लेने और सभी स्टेकहोल्डर्स को शामिल करते हुए एक प्रभावी डैशबोर्ड तैयार करने के निर्देश दिए। डैशबोर्ड के माध्यम से कौशल विकास योजनाओं, प्रशिक्षण, रोजगार और प्लेसमेंट की स्थिति की प्रभावी निगरानी की जा सकेगी।

119 आईटीआई में से 90 पोर्टल पर मैप

सचिव कौशल विकास एवं सेवायोजन सी. रविशंकर ने बैठक में बताया कि समग्र कौशल विकास के लिए स्कूल, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा और चिकित्सा शिक्षा के सहयोग से आईटीआई को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप अपग्रेड किया जा रहा है। प्रदेश में वर्तमान में 119 आईटीआई क्रियाशील हैं, जिनमें से 90 को पोर्टल पर मैप किया जा चुका है।

उन्होंने बताया कि टाटा टेक्नोलॉजीज के सहयोग से आईटीआई में शॉर्ट-टर्म ट्रेनिंग कोर्स भी शुरू किए गए हैं। इसका उद्देश्य युवाओं को बदलती औद्योगिक जरूरतों के अनुरूप आधुनिक तकनीकी दक्षता उपलब्ध कराना है।

विदेश में नौकरी के लिए भी तैयार होंगे युवा

बैठक में विदेशों में रोजगार के अवसरों पर भी विशेष चर्चा हुई। सचिव ने बताया कि युवाओं को विदेश में रोजगार के लिए वैश्विक मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण, भाषा ज्ञान और आवश्यक दक्षताएं उपलब्ध कराने के लिए स्किल इंडिया इंटरनेशनल सेंटर के माध्यम से तीन एजेंसियों से वार्ता की गई है।

रोजगार प्रयाग पोर्टल से जुड़ रहे निजी नियोक्ता

युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के लिए रोजगार प्रयाग पोर्टल पर निजी नियोक्ताओं का पंजीकरण भी किया जा रहा है। अब तक 162 नियोक्ताओं को पोर्टल से जोड़ा जा चुका है। इससे युवाओं और निजी क्षेत्र के नियोक्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होने की उम्मीद है।

बैठक में सेवायोजन विभाग के उच्चाधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!