जिला अस्पताल बौराड़ी में औषधियों की जांच, 7 दवाओं के नमूने लैब भेजे गए
डीएम नितिका खण्डेलवाल के निर्देश पर औषधि भंडार का निरीक्षण, कोल्ड स्टोरेज और एक्सपायरी दवाओं की व्यवस्था जांची गई

टिहरी गढ़वाल। जनपद टिहरी के जिला चिकित्सालय बौराड़ी में बुधवार को औषधियों की गुणवत्ता और भंडारण व्यवस्था की जांच के लिए विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के निर्देश पर वरिष्ठ औषधि निरीक्षक सी.पी. नेगी और औषधि निरीक्षक ऋषभ धामा ने अस्पताल के औषधि भंडार का विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान दवा भंडार से जुड़े सभी अभिलेखों की जांच की गई। अधिकारियों ने दवाओं के रख-रखाव, कोल्ड स्टोरेज व्यवस्था तथा एक्सपायरी दवाओं के सुरक्षित पृथक्करण और निस्तारण की प्रक्रिया का भी गहन परीक्षण किया।
औषधि निरीक्षकों ने संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सभी दवाओं को निर्धारित मानकों के अनुसार पैलेट्स पर रखा जाए तथा भंडार गृह में स्वच्छता और साफ-सफाई का विशेष ध्यान सुनिश्चित किया जाए।
इस दौरान औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम 1940 और नियम 1945 के तहत 7 विभिन्न औषधियों के नमूने भी लिए गए। इन नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण और विश्लेषण के लिए अधिकृत प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
निरीक्षण में औषधि भंडारण व्यवस्था, शीत श्रृंखला प्रणाली और एक्सपायरी दवाओं के रख-रखाव की व्यवस्था सामान्य रूप से संतोषजनक पाई गई। हालांकि, व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक सुधारात्मक निर्देश भी जारी किए गए।



