उत्तराखंड ताज़ा

ग्रामीण विकास कार्यों में नहीं चलेगी लापरवाही, गुणवत्ता और समयबद्धता से पूरे होंगे सभी निर्माण कार्य : जोत सिंह बिष्ट

टिहरी में ग्रामीण निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक, 20 विभागों के 186 निर्माण कार्यों की प्रगति परखी। 78 दूरस्थ गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ने की योजना पर भी दिया जोर।

नई टिहरी। उत्तराखंड ग्रामीण निर्माण परिषद के उपाध्यक्ष एवं राज्यमंत्री जोत सिंह बिष्ट ने मंगलवार को विकास भवन सभागार में ग्रामीण निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक लेते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य तय समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता और पूर्ण पारदर्शिता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में अधिशासी अभियंता विशाल चौहान ने विभाग की विभिन्न योजनाओं और निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति से अवगत कराया। समीक्षा के दौरान सभी परियोजनाओं की स्थिति का विस्तृत मूल्यांकन किया गया।

बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में जोत सिंह बिष्ट ने बताया कि जनपद टिहरी में ग्रामीण निर्माण विभाग के माध्यम से 20 विभागों के कुल 186 निर्माण कार्य संचालित किए जा रहे हैं। सभी परियोजनाएं निर्धारित समयसीमा के अनुसार प्रगति पर हैं। यदि किसी कार्य में कोई बाधा आती है तो उसका तत्काल समाधान कर समय पर पूरा कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 250 से कम आबादी वाले 78 ऐसे राजस्व ग्राम और बस्तियां, जो प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) से अब तक नहीं जुड़ सके हैं, उन्हें ग्रामीण निर्माण विभाग के माध्यम से सड़क सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इनमें 13 सड़कों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि वर्तमान वित्तीय वर्ष में 14 नई सड़कों का निर्माण और 2 सड़कों का उन्नयन (अपग्रेडेशन) किया जाएगा।

राज्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। सरकार का लक्ष्य अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक विकास की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और इसी दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!