उत्तराखंड ताज़ा

स्कूल से शिक्षा कार्यालय तक डीएम आशीष भटगांई का ताबड़तोड़ निरीक्षण, लापरवाह कर्मचारियों पर गिरी कार्रवाई की गाज

पीएम श्री स्कूल में बच्चों संग बैठकर चखा मिड डे मील, व्यवस्थाओं की सराहना — उपखंड शिक्षा कार्यालय में अव्यवस्था देख भड़के डीएम, शो कॉज नोटिस के निर्देश

पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष भटगांई मंगलवार को पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने बिण क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्रों से लेकर स्कूलों और शिक्षा विभाग के कार्यालयों तक ताबड़तोड़ औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। इस दौरान जहां पीएम श्री प्राइमरी स्कूल बिण की व्यवस्थाओं और बढ़ती छात्र संख्या ने डीएम का दिल जीत लिया, वहीं उपखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में कर्मचारियों की लापरवाही और सुस्त कार्यप्रणाली पर उनका गुस्सा फूट पड़ा। डीएम ने संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ शो कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश देते हुए सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।

सबसे पहले जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्र बिण पहुंचकर बच्चों की उपस्थिति, पोषण आहार और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बच्चों से आत्मीय संवाद करते हुए उन्होंने व्यवस्थाओं की जानकारी ली और अधिकारियों को बच्चों के पोषण एवं नियमित उपस्थिति पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

इसके बाद डीएम पीएम श्री प्राइमरी स्कूल बिण पहुंचे। यहां उन्होंने प्रधानाध्यापक नवल पंत से शैक्षणिक गतिविधियों, छात्र संख्या और मिड डे मील व्यवस्था की जानकारी ली। मिड डे मील की गुणवत्ता जांचने के लिए डीएम ने खुद भोजन चखकर उसका स्वाद परखा। स्कूल में 93 छात्रों की संख्या देखकर उन्होंने खुशी जताई और शिक्षकों की कार्यशैली की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में बेहतर वातावरण और गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा का यही मॉडल अन्य विद्यालयों के लिए प्रेरणा बन सकता है।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने हाई स्कूल बिण में भी साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था और छात्रों की उपस्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने शिक्षकों को अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

हालांकि उपखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचते ही डीएम का रुख सख्त हो गया। कार्यालय में कर्मचारियों की उदासीनता और अव्यवस्थित कार्यप्रणाली देखकर उन्होंने नाराजगी जताई और कर्मचारियों को जमकर फटकार लगाई। जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी तरुण पंत को संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ शो कॉज नोटिस जारी कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय के निरीक्षण में भी डीएम ने अभिलेखों और उपस्थिति पंजिका की जांच की। लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश देते हुए उन्होंने साफ कहा कि सरकारी कार्यों में किसी भी स्तर की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शिक्षा और बाल विकास से जुड़े संस्थानों में गुणवत्ता, अनुशासन और जवाबदेही प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यदि कहीं भी लापरवाही मिली तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई तय मानी जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!