उत्तराखंड ताज़ा

देहरादून-मसूरी मार्ग पर पहुंचे मंत्री गणेश जोशी, युद्धस्तर पर सड़क दुरुस्ती के दिए निर्देश

पानी वाले बैंड के पास क्षतिग्रस्त मार्ग का किया निरीक्षण, सुरक्षा बढ़ाने और जल्द यातायात बहाल करने पर दिया जोर

देहरादून, 22 जुलाई। लगातार हो रही भारी बारिश से क्षतिग्रस्त देहरादून-मसूरी मुख्य मार्ग का बुधवार को कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने स्थलीय निरीक्षण किया। मंत्री ने पानी वाले बैंड के पास पहुंचकर सड़क की स्थिति का जायजा लिया और लोक निर्माण विभाग (PWD) व जिला प्रशासन के अधिकारियों से पुनर्निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क के पुनर्निर्माण का कार्य युद्धस्तर पर किया जाए, ताकि देहरादून और मसूरी के बीच यातायात जल्द से जल्द पूरी तरह सामान्य हो सके।

उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर वाहनों के दलदल में फंसने की आशंका है, वहां तत्काल पत्थर, गिट्टी और अन्य आवश्यक सामग्री डालकर मार्ग को सुरक्षित बनाया जाए। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग और कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।

मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सड़क को जल्द सुचारु करने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ तेजी से कार्य करें।

निरीक्षण के दौरान संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल कुमार, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार सहित जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!