उत्तराखंड ताज़ा

एक ही छत के नीचे दिव्यांगजनों को मिली बड़ी राहत, 112 प्रमाण पत्र जारी, 70 को मिले कृत्रिम अंग व सहायक उपकरण

नई टिहरी में लगे विशेष शिविर में 352 लोगों का पंजीकरण, यूडीआईडी व आधार कार्ड भी बनाए गए; जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने सुनीं समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश।

नई टिहरी। समाज कल्याण विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को राजकीय प्रताप इंटर कॉलेज, बौराड़ी में आयोजित विशेष दिव्यांग शिविर सैकड़ों दिव्यांगजनों के लिए राहत लेकर आया। शिविर में दिव्यांग प्रमाण-पत्र, यूडीआईडी कार्ड, आधार कार्ड सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया गया।

शिविर का शुभारंभ करते हुए जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने कहा कि उत्तराखंड सरकार की मंशा है कि दिव्यांगजनों को सरकारी सेवाओं के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसी उद्देश्य से जनपद में समय-समय पर ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जहां सभी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।

शिविर में पहुंचे दिव्यांगजनों ने अपनी समस्याएं और मांगें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रेष्ठा भाकूनी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की विशेषज्ञ टीम ने नाक, कान, मनोचिकित्सा सहित विभिन्न प्रकार की चिकित्सकीय जांच की। शिविर में 352 लोगों का पंजीकरण हुआ, जिनमें 112 दिव्यांग प्रमाण-पत्र जारी किए गए, 70 लाभार्थियों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरित किए गए, 65 लोगों ने यूडीआईडी कार्ड के लिए आवेदन किया, जबकि 15 बच्चों के आधार कार्ड भी बनाए गए।

प्रशासन की ओर से दूर-दराज क्षेत्रों से आने वाले दिव्यांगजनों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए क्षेत्रवार वाहनों की व्यवस्था भी की गई।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष उदय रावत, नगर पालिका परिषद नई टिहरी के अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, जयेन्द्र पंवार, बलवंत सिंह रावत सहित स्वास्थ्य एवं समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!