उत्तराखंड ताज़ा

ADM का औचक निरीक्षण: बिना अनुमति गायब मिला कर्मचारी, वेतन रोकने और नोटिस जारी करने के आदेश

मदन नेगी उप तहसील और आयुर्वेदिक चिकित्सालय का निरीक्षण, बंद मशीनें चालू करने, दवाओं की उपलब्धता और साफ-सफाई सुधारने के दिए निर्देश

नई टिहरी। प्रशासनिक कार्यों में लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने मंगलवार को मदन नेगी उप तहसील और आयुर्वेदिक चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उप तहसील में एक वरिष्ठ सहायक बिना अनुमति अनुपस्थित मिला, जिस पर एडीएम ने तत्काल वेतन रोकने और कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

एडीएम ने स्पष्ट कहा कि सरकारी कार्यों में लापरवाही और बिना अनुमति अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इसके बाद आयुर्वेदिक चिकित्सालय के निरीक्षण में वेलनेस सेंटर की कई मशीनें बंद मिलीं। एडीएम ने उन्हें जल्द चालू कराने के निर्देश दिए ताकि मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं का पूरा लाभ मिल सके। दवाओं का स्टॉक कम मिलने पर समय रहते उच्चाधिकारियों को सूचना देकर आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए।

चिकित्सालय परिसर में उगी झाड़ियों और सफाई व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए एडीएम ने तत्काल सफाई अभियान चलाने और परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में साफ-सुथरा वातावरण मरीजों की सुविधा और सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है।

एडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि जनहित से जुड़े सभी सरकारी कार्यालयों और संस्थानों का औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा तथा लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!