धामी सरकार ने पेश किया पांच साल का रिपोर्ट कार्ड, विकास कार्यों और योजनाओं का दिया ब्यौरा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां; महिला सशक्तीकरण, किसान कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा, निवेश, पर्यटन और सड़क-रेल कनेक्टिविटी पर रखी बात

देहरादून | दिनांक: 26 नवंबर 2026
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को आईएसबीटी, देहरादून स्थित एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम में राज्य सरकार के पांच वर्षों के कार्यों पर आधारित रिपोर्ट कार्ड का विमोचन किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, महिला सशक्तीकरण, किसान कल्याण, उद्योग, निवेश, पर्यटन, ऊर्जा, आधारभूत सुविधाओं, कानून व्यवस्था और आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न क्षेत्रों में सरकार की ओर से किए गए कार्यों का विस्तृत ब्योरा प्रस्तुत किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में उत्तराखंड ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति की है। सरकार का जोर केवल योजनाएं बनाने पर नहीं, बल्कि उनके प्रभावी क्रियान्वयन और आमजन तक लाभ पहुंचाने पर रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र-राज्य समन्वय का उल्लेख करते हुए वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध उत्तराखंड बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी देने का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत जर्मन और जापानी भाषा प्रशिक्षण के लिए 158 केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। अक्टूबर 2026 तक 106 युवाओं को विदेश में रोजगार मिलने की जानकारी भी दी गई।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना के प्रथम चरण में 11 हजार छात्र-छात्राओं को निशुल्क ऑनलाइन कोचिंग से जोड़ने की प्रक्रिया चल रही है। शिक्षा के क्षेत्र में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 लागू करने, छात्रवृत्ति योजनाओं और देहरादून में साइंस सिटी के निर्माण को भी प्रमुख उपलब्धियों में शामिल किया गया।
महिलाओं और बेटियों के लिए योजनाओं का उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया है। उनके अनुसार, 3.10 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए पांच लाख रुपये तक के ब्याजमुक्त ऋण की व्यवस्था की गई है।
नंदा गौरा योजना के तहत बेटियों के जन्म पर 11 हजार रुपये और 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने पर 51 हजार रुपये की सहायता दिए जाने का भी उल्लेख किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन के माध्यम से लगभग 10 लाख लाभार्थियों को सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
किसानों की आय बढ़ाने और पलायन रोकने पर जोर
किसान कल्याण का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने तीन लाख रुपये तक के ब्याजमुक्त कृषि ऋण, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और मंडुआ खरीद के लिए 5,200 रुपये प्रति कुंतल की दर निर्धारित किए जाने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पॉलीहाउस निर्माण, एप्पल मिशन, कीवी और ड्रैगन फ्रूट मिशन तथा सुगंधित फसलों की खेती के माध्यम से पर्वतीय क्षेत्रों में कृषि और बागवानी को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, मुख्यमंत्री पलायन रोकथाम योजना के माध्यम से 6,500 से अधिक लोगों की गांवों में वापसी हुई है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में परिवारों को आवास उपलब्ध कराने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के प्रयास भी जारी हैं।
निवेश प्रस्तावों में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के धरातल पर उतरने का दावा
औद्योगिक विकास का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि दिसंबर 2023 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में 3.56 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए थे। इनमें से एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव धरातल पर उतरने की जानकारी उन्होंने दी। निवेश को बढ़ावा देने के लिए 30 से अधिक नई नीतियां बनाने और खुर्पिया फार्म में स्मार्ट इंडस्ट्रियल सिटी विकसित करने की दिशा में काम किए जाने का भी उल्लेख किया।
स्वास्थ्य सेवाओं और आयुष्मान योजना का विस्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल आयुष्मान योजना के तहत 63.32 लाख आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। सितंबर 2026 तक 17.36 लाख से अधिक मरीजों को 3,717 करोड़ रुपये से अधिक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई। उन्होंने मेडिकल कॉलेजों के विस्तार, किच्छा में एम्स के सैटेलाइट सेंटर, हल्द्वानी में कैंसर संस्थान और निशुल्क पैथोलॉजी जांच जैसी सुविधाओं का भी जिक्र किया।
समान नागरिक संहिता और कानून व्यवस्था पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगारोधी कानून और भू-कानून को सरकार के प्रमुख निर्णयों में शामिल किया। उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई के साथ प्रशासनिक सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने के लिए भी कदम उठाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि अपणि सरकार पोर्टल के माध्यम से 900 से अधिक सरकारी सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं। ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के माध्यम से लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी पर फोकस
मुख्यमंत्री ने दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर, चारधाम ऑल वेदर रोड और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना को राज्य के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि रेल परियोजनाओं, रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण, देहरादून-मसूरी रोपवे और हवाई सेवाओं के विस्तार से प्रदेश की कनेक्टिविटी को मजबूत किया जा रहा है।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़कों के निर्माण, ऋषिकेश बाईपास और देहरादून से दिल्ली तथा लखनऊ के लिए वंदे भारत रेल सेवाओं का भी उल्लेख किया गया।
पर्यटन, ऊर्जा और आपदा प्रबंधन में कार्यों का ब्योरा
मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा, शीतकालीन यात्रा, मानसखंड मंदिर माला मिशन और विभिन्न कॉरिडोर परियोजनाओं को पर्यटन विकास से जोड़ा। उन्होंने कहा कि पर्वतारोहण, ट्रैकिंग, राफ्टिंग और वेलनेस पर्यटन के माध्यम से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
ऊर्जा क्षेत्र में टिहरी की एक हजार मेगावाट की वेरिएबल स्पीड पंप्ड स्टोरेज परियोजना की चारों इकाइयों के वाणिज्यिक उत्पादन शुरू करने और व्यासी जलविद्युत परियोजना से 120 मेगावाट बिजली उत्पादन का उल्लेख किया गया। जल जीवन मिशन के तहत पेयजल योजनाओं के विस्तार की जानकारी भी दी गई।
आपदा प्रबंधन के संबंध में मुख्यमंत्री ने सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने, केदारनाथ क्षेत्र में बचाव अभियान और थराली एवं हर्षिल में राहत कार्यों का उल्लेख किया। खेलों के क्षेत्र में 38वें राष्ट्रीय खेलों के आयोजन और उत्तराखंड के खिलाड़ियों की ओर से 103 पदक प्राप्त किए जाने को भी उपलब्धियों में गिनाया।
राज्य आंदोलनकारियों और अग्निवीरों के कल्याण पर भी चर्चा
मुख्यमंत्री ने चिह्नित राज्य आंदोलनकारियों और उनके आश्रितों के लिए सरकारी सेवाओं में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण, पेंशन में वृद्धि तथा शिक्षा और परिवहन संबंधी सुविधाओं का उल्लेख किया। अग्निवीरों के लिए अग्निवीर सेल के गठन की जानकारी भी दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और युवाओं, महिलाओं, किसानों तथा कमजोर वर्गों के लिए नए अवसर सृजित करना है।
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, तीरथ सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री एवं लोकसभा सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, मंत्रीगण, विधायक, जनप्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



