ताज़ा ख़बर

सौंग और जमरानी बांध परियोजनाओं में आएगी तेजी, मुख्य सचिव ने मार्च 2027 तक कॉफर डैम पूरा करने के दिए निर्देश

उत्तराखंड में पेयजल और सिंचाई व्यवस्था को मजबूती देने वाली दोनों महत्वाकांक्षी परियोजनाओं की मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने की समीक्षा, गुणवत्ता और समयसीमा पर सख्ती, जलाशयों को पर्यटन से जोड़ने की संभावनाएं तलाशने के निर्देश।

देहरादून। उत्तराखंड में पेयजल और सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से संचालित सौंग और जमरानी बांध परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए शासन ने निगरानी तेज कर दी है। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने गुरुवार को सचिवालय में दोनों परियोजनाओं की वित्तीय और भौतिक प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित समयसीमा का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परियोजनाओं में तेजी के साथ निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाना चाहिए।

मार्च 2027 तक कॉफर डैम पूरा करने का लक्ष्य

जमरानी बांध परियोजना की समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव ने कॉफर डैम का निर्माण मार्च 2027 तक अनिवार्य रूप से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी के लिए अधीक्षण अभियंता स्तर के अधिकारी को एकल बिंदु प्रभारी यानी प्रोजेक्ट मैनेजर के रूप में तैनात करने को कहा। इसके साथ ही कंक्रीटिंग और उत्खनन कार्यों की समयसीमा स्पष्ट करते हुए विस्तृत पीईआरटी चार्ट तैयार करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि उत्खनन कार्यों की दिनवार प्रगति और निर्धारित समयसीमा को चार्ट में स्पष्ट रूप से दर्शाया जाए। यह चार्ट आगामी उच्चाधिकार प्राप्त समिति (एचपीसी) की बैठक में प्रस्तुत किया जाए। दोनों परियोजनाओं के निर्माण कार्यों की वास्तविक स्थिति पर नजर रखने के लिए फोटोग्राफ और वीडियो नियमित रूप से स्टेट प्रगति पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश भी दिए गए।

सौंग बांध के कार्य मार्च तक पूरा करने पर जोर

सौंग बांध परियोजना की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने मार्च तक निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। परियोजना के अंतर्गत 130.60 मीटर ऊंचे बांध और सहायक संरचनाओं के साथ 150 एमएलडी क्षमता का वाटर ट्रीटमेंट प्लांट तथा लगभग 88 किलोमीटर लंबी फीडर मेन का निर्माण किया जाना है।

परियोजना को पर्यावरणीय, वन एवं तकनीकी स्वीकृतियां नवंबर 2024 तक मिल चुकी हैं। मार्च 2024 में विशेष सहायता योजना (SASCI) के तहत 2,491.96 करोड़ रुपये की शेष परियोजना लागत के लिए प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई थी। मुख्य बांध का निर्माण नवंबर 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित है।

वित्तीय वर्ष 2026-27 में परियोजना के लिए उपलब्ध 39.60 करोड़ रुपये की धनराशि का शत-प्रतिशत उपयोग किया जा चुका है। हालांकि, इसी वित्तीय वर्ष के लिए निर्धारित 30 प्रतिशत भौतिक प्रगति के लक्ष्य के मुकाबले अब तक 21 प्रतिशत प्रगति दर्ज की गई है।

जमरानी बांध में कई निर्माण कार्यों ने पकड़ी रफ्तार

जमरानी बांध बहुउद्देशीय परियोजना के तहत निर्माण कार्यों में अलग-अलग स्तर पर प्रगति दर्ज की गई है। परियोजना के कार्यालय एवं आवासीय भवनों, कॉलोनियों और सर्विस रोड सहित आधारभूत ढांचे का 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। वहीं, डायवर्जन टनल का 80 प्रतिशत तथा क्रशिंग, बैचिंग और मिक्सिंग प्लांट की स्थापना का 75 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है।

कॉफर डैम का 50 प्रतिशत और स्ट्रिपिंग फाउंडेशन एवं एबटमेंट का 40 प्रतिशत कार्य पूरा हुआ है। इसके अतिरिक्त 21.25 किलोमीटर नई नहर के निर्माण तथा 40.82 किलोमीटर नहर के रीमॉडलिंग एवं नवीनीकरण कार्य की कुल प्रगति 32.46 प्रतिशत दर्ज की गई है। परियोजना से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन का 84 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार बांध का निर्माण जून 2029 तक पूरा किया जाना प्रस्तावित है।

पुनर्वास और स्वीकृतियों की प्रक्रिया समय से पूरी करने के निर्देश

मुख्य सचिव ने दोनों परियोजनाओं में पुनर्वास से संबंधित कार्यों के लिए पहले से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि संशोधित लागत का अनुमोदन एक ही बार में प्राप्त करने के लिए जरूरी औपचारिकताएं समय से पूरी की जाएं। केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) सहित संबंधित संस्थाओं से परीक्षण और अनुमोदन की प्रक्रिया भी अग्रिम रूप से पूरी की जाए, ताकि निर्माण के दौरान अनावश्यक विलंब न हो।

पर्यटन की दृष्टि से भी विकसित होंगे जलाशय

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने दोनों परियोजनाओं के अंतर्गत बनने वाले जलाशयों और आसपास के क्षेत्रों को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की संभावनाओं पर भी काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं की प्रभावी निगरानी, निर्माण की गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा का पालन सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम और डॉ. रणवीर सिंह चौहान सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!