उत्तराखंड

प्रतापनगर में राज्यमंत्री सोना सजवाण का जनसंपर्क अभियान तेज, ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं

उपली रमोली पट्टी के छह गांवों का किया भ्रमण, सेम-नागराजा धाम को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने पर दिया जोर

लंबगांव। उत्तराखंड जड़ी-बूटी सलाहकार समिति की उपाध्यक्ष एवं राज्यमंत्री सोना सजवाण का प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान लगातार जारी है। बृहस्पतिवार को उन्होंने उपली रमोली पट्टी के दीनगांव, ओनालगांव, हेरवालगांव, मुखेम, पोखरी और खंबाखाल समेत विभिन्न गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में संचालित विकास योजनाओं की जानकारी भी ली।

जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना लक्ष्य

ग्रामीणों से बातचीत के दौरान राज्यमंत्री सोना सजवाण ने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। ग्रामीण क्षेत्रों का सर्वांगीण विकास और आमजन की समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

सेम-नागराजा धाम को पर्यटन के मानचित्र पर लाने की पहल

राज्यमंत्री ने कहा कि उपली रमोली पट्टी स्थित प्रसिद्ध सेम-नागराजा धाम धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व का स्थल है। मान्यता के अनुसार, यह भगवान श्रीकृष्ण की तपस्थली है। इस पवित्र धाम को पर्यटन की दृष्टि से विकसित कर विशेष पहचान दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सेम-नागराजा धाम के पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होने से क्षेत्र में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ेगी। इससे स्थानीय स्तर पर पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलने के साथ रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित हो सकते हैं।

ग्रामीणों को समस्याओं के समाधान का भरोसा

जनसंपर्क अभियान के दौरान ग्रामीणों ने राज्यमंत्री के समक्ष क्षेत्र की विभिन्न समस्याएं और विकास से जुड़ी अपेक्षाएं रखीं। इस पर उन्होंने आश्वस्त किया कि भ्रमण के दौरान सामने आई समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों और अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।

इस दौरान बीडीसी राजेश पोखरियाल, यशवीर राणा, पूर्व प्रधान विजय कैंतुरा, धनपाल कैंतुरा, जुगल किशोर नौटियाल और सुनील शाह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!