दीपावली पर टिहरी पुलिस अलर्ट, नई टिहरी और थत्यूड़ में व्यापारियों को दिए सुरक्षा के निर्देश
बाजारों में जाम, पार्किंग और अग्नि सुरक्षा को लेकर पुलिस सख्त; पटाखा कारोबारियों को नियमों के पालन की हिदायत, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने की अपील।

टिहरी गढ़वाल। दीपावली पर्व को सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए टिहरी पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में कोतवाली नई टिहरी और थाना थत्यूड़ पुलिस ने व्यापारियों, व्यापार मंडल, टैक्सी यूनियन तथा स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों के साथ बैठक कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बाजारों में भीड़ और जाम से निपटने पर जोर
कोतवाली नई टिहरी में आयोजित बैठक में क्षेत्राधिकारी टिहरी चंद्रमोहन सिंह, मुख्य अग्निशमन अधिकारी संजीवा कुमार और प्रभारी निरीक्षक ऐश्वर्य पाल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में नई टिहरी और बौराड़ी व्यापार मंडल के सदस्यों, पटाखा कारोबारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में दीपावली के दौरान बाजारों में भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, अग्नि सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं की सुचारु आवाजाही सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई।
थत्यूड़ में व्यापारियों और टैक्सी यूनियन के साथ बैठक
वहीं, थाना थत्यूड़ में थानाध्यक्ष महावीर सिंह रावत की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इसमें स्थानीय व्यापार मंडल, टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया। पुलिस ने बाजारों में भीड़ प्रबंधन, वाहनों की पार्किंग और पटाखों से होने वाली संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
पटाखा कारोबारियों को सुरक्षा मानकों के पालन की हिदायत
टिहरी पुलिस ने स्पष्ट किया कि पटाखों की बिक्री निर्धारित नियमों और सुरक्षित स्थानों पर ही की जाए। दुकानों में अग्निशमन उपकरणों के साथ पानी और रेत की व्यवस्था रखने तथा पटाखों का भंडारण सुरक्षा मानकों के अनुरूप करने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही दुकानदारों को दुकानों के बाहर अतिक्रमण नहीं करने और सड़क किनारे अनावश्यक रूप से वाहन खड़े नहीं करने की हिदायत दी गई, ताकि आम लोगों के साथ-साथ आपातकालीन वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित न हो।
संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तत्काल पुलिस को दें सूचना
पुलिस ने व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों से अपील की कि दीपावली के दौरान यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें और बाजारों में व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्या की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देशन में टिहरी पुलिस ने आमजन से दीपावली का त्योहार शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की है।



