उत्तराखंड

कैंपटी में पूर्ति विभाग का औचक निरीक्षण, दो राशन दुकानों पर मिली खामी; नोटिस जारी करने के निर्देश

कैंपटी और नैनबाग में पेट्रोल पंप, सरकारी खाद्यान्न गोदाम और राशन दुकानों की जांच; पेट्रोल पंपों पर ईंधन की गुणवत्ता व मात्रा मानकों के अनुरूप मिली

रिपोर्ट –मुकेश रावत 

कैंपटी (टिहरी गढ़वाल)। जिलाधिकारी एवं जिला पूर्ति अधिकारी के निर्देश पर पूर्ति विभाग की टीम ने कैंपटी और नैनबाग क्षेत्र में पेट्रोल पंप, राजकीय खाद्यान्न गोदाम और सस्ता गल्ला विक्रेताओं की दुकानों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कैंपटी क्षेत्र की दो राशन दुकानों पर रेट बोर्ड और स्टॉक बोर्ड अद्यतन नहीं पाए गए। इस पर संबंधित विक्रेताओं को तत्काल बोर्ड अपडेट करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पूर्ति निरीक्षक कैंपटी को संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

औचक निरीक्षण के दौरान पेट्रोल पंपों पर ईंधन की गुणवत्ता और मात्रा की जांच की गई। जांच में दोनों मानक नियमानुसार पाए गए। इसके अलावा पेट्रोल पंपों पर पेयजल और शौचालय की व्यवस्थाएं भी दुरुस्त मिलीं। वहीं, कैंपटी स्थित राजकीय खाद्यान्न गोदाम में खाद्यान्न का रखरखाव निर्धारित नियमों के अनुरूप पाया गया।

कैंपटी क्षेत्र में दो सस्ता गल्ला विक्रेताओं की दुकानों पर रेट और स्टॉक बोर्ड अद्यतन नहीं मिले। विभाग ने संबंधित विक्रेताओं को तत्काल बोर्ड अपडेट करने के निर्देश दिए। साथ ही पूर्ति निरीक्षक कैंपटी को नोटिस जारी करने के लिए निर्देशित किया गया। हालांकि, निरीक्षण के दौरान खाद्यान्न वितरण व्यवस्था संतोषजनक पाई गई।

क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी विवेक साह और पूर्ति निरीक्षक चित्रा कोठियाल ने कैंपटी क्षेत्र में, जबकि पूर्ति निरीक्षक प्रवीन सेमवाल ने नैनबाग क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया।

क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी विवेक साह ने बताया कि औचक निरीक्षण और प्रवर्तन कार्रवाई के लिए टीम गठित की गई है। यह टीम आगे भी निरीक्षण अभियान जारी रखेगी और आवश्यकतानुसार कार्रवाई करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!