उत्तराखंड

माउंट मुकुट ईस्ट फतह कर लौटा भारतीय तटरक्षक बल का दल, 7,045 मीटर की चोटी पर फहराया विशाल उत्तराखंड ध्वज

सीएम धामी ने मुख्यमंत्री आवास में किया पर्वतारोहण दल का फ्लैग-इन, तटरक्षक बल के इतिहास में 7,000 मीटर से ऊंची चोटी पर पहली सफल चढ़ाई

देहरादून। भारतीय तटरक्षक बल और हिमालयन माउंटेनियरिंग इंस्टीट्यूट (एचएमआई), दार्जिलिंग के संयुक्त पर्वतारोहण अभियान दल ने 7,045 मीटर ऊंचे माउंट मुकुट ईस्ट का सफल आरोहण कर इतिहास रच दिया है। भारतीय तटरक्षक बल के इतिहास में सात हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाली किसी पर्वत चोटी पर यह पहला सफल आरोहण है। अभियान की सफलता के बाद सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में दल का फ्लैग-इन किया और सभी सदस्यों को बधाई दी।

एचएमआई, दार्जिलिंग के प्राचार्य कर्नल रजनीश जोशी के नेतृत्व में संचालित इस अभियान को उत्तराखंड राज्य स्थापना के 25 गौरवशाली वर्षों को समर्पित किया गया। अभियान दल ने माउंट मुकुट ईस्ट के शिखर पर 2,500 वर्ग फुट का विशाल उत्तराखंड ध्वज फहराकर प्रदेश का मान बढ़ाया।

हिमालय की ऊंचाइयों में साहस और संकल्प की ऐतिहासिक उड़ान

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि हिमालय की दुर्गम परिस्थितियों में इस तरह की उपलब्धि पर्वतारोहियों के अदम्य साहस, दृढ़ संकल्प, अनुशासन और टीम भावना का प्रमाण है। यह भारतीय तटरक्षक बल के साथ पूरे देश के लिए गौरव का विषय है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहचान साहस, शौर्य और समृद्ध पर्वतारोहण परंपरा से जुड़ी रही है। राज्य स्थापना के 25 वर्षों को समर्पित यह अभियान प्रदेश की गौरवशाली यात्रा और हिमालय के साथ उसके गहरे संबंधों को भी प्रदर्शित करता है।

उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में पर्वतारोहण और साहसिक पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। राज्य सरकार युवाओं को पर्वतारोहण और अन्य साहसिक खेलों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। ऐसे अभियान युवाओं को कठिन परिश्रम, अनुशासन और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देते हैं।

उन्होंने कहा कि भारतीय तटरक्षक बल देश की समुद्री सीमाओं की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। बल के जवानों का हिमालय की ऊंचाइयों पर इस तरह का पराक्रम उनके उत्कृष्ट प्रशिक्षण और साहसिक क्षमता को दर्शाता है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि माउंट मुकुट ईस्ट अभियान से प्राप्त अनुभव वर्ष 2027 में प्रस्तावित माउंट एवरेस्ट अभियान की सफलता में भी महत्वपूर्ण साबित होगा।

2027 में एवरेस्ट फतह करने की तैयारी

एचएमआई, दार्जिलिंग के प्राचार्य एवं अभियान के नेतृत्वकर्ता कर्नल रजनीश जोशी ने बताया कि भारतीय तटरक्षक बल वर्ष 2027 में अपनी स्थापना के 50 वर्ष पूरे करने जा रहा है। स्वर्ण जयंती के अवसर पर प्रस्तावित माउंट एवरेस्ट अभियान की तैयारियों के तहत यह पर्वतारोहण अभियान आयोजित किया गया। पर्वतारोहियों के चयन और प्रशिक्षण की जिम्मेदारी हिमालयन माउंटेनियरिंग इंस्टीट्यूट को सौंपी गई है।

उन्होंने बताया कि 15 सितंबर से 9 अक्टूबर 2026 तक चले अभियान में संयुक्त दल ने माउंट मुकुट ईस्ट का सफल आरोहण किया। इससे पहले एवरेस्ट अभियान की तैयारियों के क्रम में दल सिक्किम हिमालय की माउंट बी.सी. रॉय और माउंट थिंचेनखांग चोटियों का भी सफल आरोहण कर चुका है। इन अभियानों से पर्वतारोहियों को उच्च हिमालयी परिस्थितियों में अनुकूलन, तकनीकी दक्षता और टीम समन्वय का महत्वपूर्ण अनुभव मिला है।

समारोह में तटरक्षक बल और एचएमआई के अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में भारतीय तटरक्षक बल के अपर महानिदेशक आनंद प्रकाश बडोला, उप महानिरीक्षक हिमांशु नौटियाल, उप महानिरीक्षक डी.एस. चौहान, कमांडेंट अमित उनियाल, कमांडेंट विश्वजीत सिंह, एचएमआई के पासांग तेनजिंग शेरपा सहित अभियान दल के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!