टिहरी में जनसुनवाई: 56 शिकायतों पर सीडीओ ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
सड़क, बिजली, पेयजल और मुआवजे से जुड़े मामले पहुंचे; अधिकारियों से समयबद्ध निस्तारण और शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि सुनिश्चित करने को कहा

टिहरी गढ़वाल, 05 अक्टूबर। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनसुनवाई में सड़क, बिजली, पेयजल, मुआवजा समेत विभिन्न समस्याओं से संबंधित 56 शिकायतें सामने आईं। सीडीओ ने शिकायतकर्ताओं की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
भालू के खतरे से लेकर रास्ते की मरम्मत की मांग
चंबा विकासखंड के ग्राम क्यारी मखलोगी निवासी भोला दत्त बिजल्वाण ने गांव में भालू के खतरे को देखते हुए सौर ऊर्जा लाइट लगाने और करीब 70 मीटर क्षतिग्रस्त पैदल रास्ते की मरम्मत की मांग उठाई। सीडीओ ने वन विभाग को मामले में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
विधवा पेंशन और रोजगार की मांग
थौलधार विकासखंड के कंडीसौड़ निवासी ममता देवी ने विधवा पेंशन, रोजगार से जोड़ने और घर के आंगन में लगे विद्युत पोल को हटाने की मांग की। सीडीओ ने जिला प्रोबेशन अधिकारी को प्राथमिकता के आधार पर विधवा पेंशन की कार्रवाई करने और महिला को समूह से जोड़ने के निर्देश दिए। वहीं विद्युत विभाग को पोल से संबंधित समस्या का समाधान करने को कहा गया।
राशन कार्ड और गैस कनेक्शन अलग कराने की मांग
चंबा की ग्राम गुल्डी निवासी पिंकी देवी ने राशन कार्ड और गैस कनेक्शन ससुराल पक्ष से अलग कराने की मांग रखी। इस पर सीडीओ ने पूर्ति विभाग को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
आपदा से क्षतिग्रस्त रास्ते से छात्रों को परेशानी
प्रतापनगर निवासी लक्ष्मी प्रसाद ने रावत गांव स्थित विद्यालय का रास्ता आपदा में क्षतिग्रस्त होने से विद्यार्थियों को आवागमन में हो रही परेशानी का मामला उठाया। सीडीओ ने शिक्षा विभाग को प्रस्ताव उपलब्ध कराने और जिला विकास अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
पर्यटन गतिविधियां शुरू कराने की मांग
थौलधार विकासखंड के क्यूलागी निवासी धूरत सिंह सजवाण ने ठांगधार-कौड़िया-इक्को पार्क कौड़िया रोड पर पूर्व की तरह पर्यटन एवं व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करने की मांग की। मामले में वन विभाग को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बोल्डरों से मकानों को खतरा, पेयजल लाइन भी क्षतिग्रस्त
थौलधार के महरगांव निवासी रघुवीर सिंह कठैत ने आराकोट-वाल्काखाल मोटर मार्ग के डामरीकरण की मांग उठाई। उन्होंने सड़क पर पड़े बड़े-बड़े बोल्डरों से मकानों को खतरा होने और पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने की शिकायत भी की। सीडीओ ने लोनिवि चंबा के अधिशासी अभियंता को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की भी समीक्षा
जनसुनवाई के दौरान सीडीओ ने सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ताओं से दूरभाष पर संपर्क कर समाधान की स्थिति की जानकारी ली जाए और उनकी संतुष्टि सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर सीएमओ डॉ. राम प्रकाश सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



