मंत्री खजान दास ने अधिकारियों को लगाई फटकार, 15 दिन में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
राजपुर रोड विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों की समीक्षा; 15 अक्टूबर तक सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश, बैठक से गैरहाजिर स्मार्ट सिटी और पेयजल निगम पर जताई नाराजगी

देहरादून। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री खजान दास ने विधानसभा स्थित कार्यालय कक्ष में राजपुर रोड विधानसभा क्षेत्र में चल रहे और लंबित विकास कार्यों को लेकर संयुक्त विभागीय बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, यूपीसीएल, जल संस्थान समेत विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई।
नगर निगम की सफाई व्यवस्था को लेकर मंत्री ने नाराजगी जताते हुए कहा कि कूड़ा उठान और नालियों की सफाई को लेकर बार-बार निर्देश देने पड़ रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर सफाई व्यवस्था सुचारू करने के निर्देश दिए।
लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुरूप 15 अक्टूबर तक सड़कों को गड्ढामुक्त करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को जल्द निविदाएं आमंत्रित कर निर्माण एवं मरम्मत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में विद्युत लाइनों को भूमिगत करने, चौराहों के सौंदर्यीकरण, मॉडल कॉलोनी, सीवर लाइन, हरिद्वार रोड पर फुटओवर ब्रिज, पेयजल, परेड ग्राउंड और पलटन बाजार समेत अन्य विकास कार्यों पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ प्राथमिकता से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
वहीं, बैठक में शामिल नहीं होने पर स्मार्ट सिटी और पेयजल निगम के अधिकारियों के प्रति मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि दोनों विभागों की जवाबदेही तय की जाएगी। मंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए विकास की शुरुआत घर, आस-पड़ोस, शहर और राज्य से करनी होगी।
बैठक में नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडे सहित नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, यूपीसीएल और जल संस्थान के अधिकारी मौजूद रहे।



