उत्तराखंड

खेल महाकुंभ में ग्रामीण प्रतिभाओं ने दिखाया दम, खो-खो और कबड्डी में खिलाड़ियों ने मारी बाजी

न्याय पंचायत स्यालसी खेल महाकुंभ-2026 का भवान में हुआ शुभारंभ, विभिन्न ग्राम पंचायतों से पहुंचे बालक-बालिकाओं ने खेल प्रतिभा का किया शानदार प्रदर्शन

रिपोर्ट-मुकेश रावत

थत्यूड़। न्याय पंचायत स्यालसी खेल महाकुंभ-2026 का शुभारंभ पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज भवान के प्रांगण में उत्साह और खेल भावना के साथ हुआ। प्रतियोगिता में न्याय पंचायत क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों से पहुंचे बालक-बालिका खिलाड़ियों ने खो-खो, कबड्डी, मुर्गा झपट और एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेल स्पर्धाओं में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराने और युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष न्याय पंचायत स्तर पर खेल महाकुंभ का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में न्याय पंचायत स्यालसी के खेल महाकुंभ का शुभारंभ स्थानीय जनप्रतिनिधियों और विद्यालय के प्रधानाचार्य की मौजूदगी में दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य देवेंद्र भंडारी, ग्राम स्यालसी के प्रधान कुलदीप सिंह चौहान, ग्राम गोरण के प्रधान दलपति पड़ियार, ग्राम थान के प्रधान मनोज पंवार, पीटीए अध्यक्ष प्रेम रमोला तथा विद्यालय के पूर्व व्यायाम शिक्षक दिनेश प्रसाद नौटियाल ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया।

खो-खो में इन टीमों ने हासिल किया पहला स्थान

प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न आयु वर्गों में खो-खो मुकाबले खेले गए। अंडर-19 बालिका वर्ग में भवान की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि गोरण की टीम उपविजेता रही।

अंडर-14 बालिका वर्ग में थान की टीम विजेता बनी और नकुर्ची की टीम ने उपविजेता का स्थान प्राप्त किया। वहीं अंडर-19 बालक वर्ग में स्यालसी की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि गोरण की टीम दूसरे स्थान पर रही। अंडर-14 बालक वर्ग में भवान के खिलाड़ियों ने बाजी मारी।

कबड्डी में रौतू की बेली का दबदबा

कबड्डी प्रतियोगिता में भी खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। अंडर-19 बालक और बालिका दोनों वर्गों में रौतू की बेली की टीमें विजेता रहीं। वहीं अंडर-14 बालिका कबड्डी में भी रौतू की बेली की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।

इसके अलावा मुर्गा झपट प्रतियोगिता में विभिन्न भार वर्गों के बालक-बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। एथलेटिक्स के अंतर्गत ऊंची कूद, गोला फेंक और अंडर-14 दौड़ समेत विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। एथलेटिक्स की शेष प्रतियोगिताएं अगले दिन आयोजित की जाएंगी।

विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, प्रतिभागियों को मेडल से किया सम्मानित

प्रतियोगिता में विजेता खो-खो और कबड्डी टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं प्रतिभागी खिलाड़ियों को मेडल देकर उनका उत्साह बढ़ाया गया। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार भी प्रदान किया जाएगा।

खेल महाकुंभ के आयोजन को लेकर क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजकों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के आयोजन प्रतिभावान खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देते हैं। इससे खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच मिलने के साथ-साथ उनमें प्रतिस्पर्धा और आत्मविश्वास की भावना भी विकसित होती है।

शिक्षकों और प्रशिक्षकों ने संभाली आयोजन की जिम्मेदारी

खेल महाकुंभ के सफल आयोजन में पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज भवान के समस्त शिक्षकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रतियोगिताओं के संचालन और निर्णायक की भूमिका में इंटर कॉलेज रौतू की बेली के व्यायाम शिक्षक देवेंद्र सिंह रावत, नकुर्ची के व्यायाम शिक्षक गिरीश जोशी, भवान के व्यायाम शिक्षक मोहन सिंह रावत, थान की व्यायाम शिक्षिका सरिता तथा हिम्मोथान के प्रशिक्षक दीपक, हेमंत और रविंद्र ने सहयोग किया।

खेल महाकुंभ के माध्यम से ग्रामीण अंचल के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा साबित करने का अवसर मिला। खिलाड़ियों के उत्साह और शानदार प्रदर्शन ने प्रतियोगिता को खासा रोमांचक बना दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!